हिन्द स्वराज अपनाओ-सामाजिक सरोकार बढ़ाओ रैली के साथ हुआ अगस्त क्रांति सप्ताह का आगाज
by seemasandesh
सभापति-विधायक प्रतिनिधि ने रेलवे स्टेशन परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती एवं स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे अगस्त क्रांति सप्ताह का आगाज सोमवार को जिला मुख्यालय पर हिन्द स्वराज अपनाओ-सामाजिक सरोकार बढ़ाओ रैली के साथ हो गया। हिंद स्वराज अपनाओ-सामाजिक सरोकार बढ़ाओ रैली को रेलवे स्टेशन परिसर से नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, विधायक प्रतिनिधि भूपेन्द्र चौधरी, महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सहसंयोजक तरुण विजय व पार्षद मनोज सैनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सोंकरिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक असीजा, उपखण्ड अधिकारी डॉ. अवि गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी रणवीर शर्मा, नायब तहसीलदार दानाराम मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हंसराज जाजेवाल, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, समाज कल्याण अधिकारी सुरेंद्र पूनिया, नेहरू युवा केन्द्र से मधु यादव, महिला बाल विकास से एएसओ हेमलता, सीडीपीओ सुनीता शर्मा, महिला पर्यवेक्षक मधु महाजन, आशा चौधरी, कमलजीत, पुष्पा, जूडो कोच अभयजीत, एथलेटिक्स कोच सुनील सामरिया, वुशू कोच शंकर नरूका, ओमप्रकाश सेन, सीओ स्काउट भारत भूषण समेत पुलिस, स्काउट गाइड, एनएसएस, एनसीसी के वॉलिंटियर्स और राजीव गांधी स्टेडियम के विभिन्न खेलों से जुड़े हुए खिलाड़ी मौजूद थे। रैली रेलवे स्टेशन परिसर से रवाना होकर भगतसिंह चौक, बस स्टैंड, राजीव चौक होते हुए भगतसिंह चौक पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की स्वयंसेविकाओं, नेहरू युवा केन्द्र, आशा सहयोगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं ने सहभागिता निभाई। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सोंकरिया ने कहा कि अगस्त क्रांति सप्ताह मनाने का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है ताकि लोग बापूजी के विचारों को आत्मसात कर अपने जीवन में उतारें। वहीं महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सहसंयोजक तरुण विजय ने बताया कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती एवं स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर अगस्त क्रांति सप्ताह के अंतर्गत जिला एवं सभी ब्लॉक मुख्यालय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर अगस्त क्रांति सप्ताह के अंतर्गत 9 से 15 अगस्त तक कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गांधीवादी विचारधारा के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सपना है कि महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के माध्यम से गांधीजी के विचारों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि आज विश्व का कोई भी ऐसा देश नहीं है जो हिंसा से समस्या का समाधान कर पाया हो। आज पूरी दुनिया मान चुकी है कि अगर किसी समस्या का समाधान करना है तो अहिंसा एकमात्र रास्ता है। इसलिए उनका युवा पीढ़ी से आग्रह है कि वे बापूजी के बताए अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश के विकास में सहयोग करें। सप्ताहभर में होंगे कार्यक्रम अगस्त क्रांति सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को गांधी दर्शन की वर्तमान जीवन में प्रासंगिकता विषय पर संगोष्ठी का आयोजन टाउन के राजकीय एनएमपीजी कॉलेज में सुबह 11.30 बजे किया जाएगा। बुधवार को सुबह 7 बजे साइकिल रैली का आयोजन जंक्शन में भगत सिंह चौक से टाउन भारत माता चौक तक किया जाएगा। 12 अगस्त को सुबह 7 बजे श्रमदान का आयोजन वार्ड नम्बर 37 हनुमानगढ़ टाउन रेलवे स्टेशन के सामने रखा गया है। 13 अगस्त को सुबह 7 बजे पौधरोपण का कार्यक्रम जंक्शन स्थित पुरानी कलक्ट्रेट परिसर में बनी हुई बा-बापू वाटिका में, 14 अगस्त को सुबह 6.30 बजे क्रिकेट मैच का आयोजन प्रशासन एवं न्याय विभाग के मध्य बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज जंक्शन में, 15 अगस्त को रक्तदान शिविर का आयोजन शाम 4 बजे टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय में किया जाएगा। इसी तरह 20 से 26 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।