हिमांशु महर्षि जिलाध्यक्ष, विकास शर्मा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नियुक्त
by seemasandesh
महेंद्र सारस्वत देहात मंडल जिलाध्यक्ष एवं मंजू गौड़ महिला विंग जिलाध्यक्ष नियुक्त, विप्र सेना की कार्यकारिणी का विस्तार हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। विप्र सेना के जिला प्रभारी नीपेन शर्मा की अनुशंषा पर प्रदेशाध्यक्ष दिनेश दादिया, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रवि जोशी, महिला विंग प्रदेशाध्यक्ष भारती शर्मा की सहमति से विप्र सेना के राष्ट्रीय प्रमुख सुनील तिवाड़ी की ओर से विप्र सेना हनुमानगढ़ की जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। इसके तहत पार्षद हिमांशु महर्षि को जिलाध्यक्ष, विकास शर्मा को युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष, महेंद्र सारस्वत को देहात मंडल जिलाध्यक्ष तथा मंजू गौड़ को महिला विंग का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जिला प्रभारी नीपेन शर्मा ने कहा कि विप्र सेना पूरे प्रदेश के साथ-साथ हनुमानगढ़ जिले में मजबूती के साथ कार्य करने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में कर्मठ, जुझारू एवं समाज के लिए कार्य करने वाले क्रांतिकारी समाजसेवकों को मनोनीत किया गया है। नवनियुक्त पदाधिकारियों को जल्द ही बैठक बुलाकर प्रशिक्षण उपरांत आगामी 15 दिन में केवल सक्षम कार्यकर्ता को ही सदस्य बनाकर कार्यकारिणी घोषित करने के लिए निर्देशित किया गया है। जिला सहप्रभारी पंडित दीपक शर्मा ने कहा कि यह संगठन केवल समाज के पिछड़े, असहाय, मजबूर व पीड़ित व्यक्ति की मदद करने के लिए कार्य कर रहा है। इस संगठन में केवल ऊजार्वान और समाज के लिए कार्य करने वालों को ही जगह दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आजकल कई संगठनों की ओर से समाज के युवाओं को जोड़ा जा रहा है परंतु यह संगठन सबसे अलग है और ब्राह्मण समाज का सबसे अग्रणीय संगठन है। इस संगठन में केवल कार्य व कर्म करने वाले को ही वरीयता दी जाएगी। किसी भी सिफारिश एवं ऐसे व्यक्ति जिसने संगठन में काम नहीं किया है उसको पदाधिकारी नहीं बनाया जाएगा। नवनियुक्त पदाधिकारी अपने समाज व क्षेत्र में अपनी प्रतिभा की पहचान रखते हैं। उन्हीं प्रतिभा को निहारते हुए उनको समाज में सम्मानजनक पद का दायित्व सौंपा गया है। भविष्य में पदाधिकारी समाज में सामाजिक समरसता का ध्यान रखते हुए सभी समाजों के साथ सामंजस्य स्थापित करेंगे और सृजनात्मक एवं रचनात्मक कार्य संपादन करेंगे।