Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ठगी की शिकायत करने गई महिला को थाना से धक्का मारकर भगाने का आरोप

  • सदर थाना प्रभारी की एसपी से शिकायत, ठगी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    सदर थाना प्रभारी मानसिंह गोदारा पर पुलिस थाना में शिकायत करने आई महिला को जातिसूचक गालियां निकालने व धक्का मारकर तथा मारपीट कर पुलिस थाना से भगाने का आरोप लगा है। शुक्रवार को उक्त महिला ने अम्बेडकर जन जागृति मंच राजस्थान के पदाधिकारियों के साथ इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर अम्बेडकर जन जागृति मंच राजस्थान के प्रदेश संयोजक कुलदीप सिंह ओलख ने बताया कि मीरा पत्नी नानकसिंह बावरी निवासी वार्ड 6, डबलीवास पेमा के ससुर कर्मसिंह पुत्र देवासिंह बावरी ने चक 16 जेआरके में कृषि भूमि जगदीश पुत्र कुम्भाराम जाट को 13 अप्रेल 2019 से 12 अप्रेल 2020 तक एक वर्ष के लिए भूमि रहन की थी। मीरा ने भूमि रहन के बदले डेढ़ लाख रुपए जगदीश से उधार लिए थे। करीब दो माह पूर्व मीरा व मीरा के पति नानकसिंह ने जगदीश को डेढ़ लाख रुपए वापस लौटा दिए। उन्होंने जगदीश से लिखा-पढ़ी के असली कागजात मांगे तो उसने कहा की वह कुछ दिनों में दे देगा। उसे कागज नहीं मिल रहे। उसी दिन जगदीश ने मीरा के ससुर को भूमि खाली करके दे दी तो मीरा ने इस भूमि में नरमा की फसल काश्त कर ली। अब जगदीश के मन में बेइमानी आ गई। 7 जून 2021 को जगदीश अपने दो जानकारों बालचन्द ज्याणी व डूंगर कालवा को लेकर मीरा के घर में आया और कहा कि वह उनकी भूमि पर काश्त करेगा। मीरा ने पूछा कि वह भूमि पर काश्त क्यों करेगा तो उन्होंने कहा कि उसने उधारे लिए डेढ़ लाख रुपए नहीं लौटाए हैं। क्योंकि असल कागजात उसके पास ही है। वे मीरा के साथ गाली-गलौज व लड़ाई-झगड़ा करने लगे और कहा कि यदि उसने जमीन में काश्त नहीं करने दी तो उसे व उसके पति को जान से मार देंगे। इस संबंध में मीरा ने सदर पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि सदर थाना प्रभारी मानसिंह गोदारा ने मीरा को जातिसूचक गालियां निकाली और धक्के मारकर व मारपीट कर थाना से बाहर निकाल दिया। प्रदेश संयोजक ओलख ने मीरा के साथ ठगी करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही सदर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर पीड़िता व समाज के लोगों के साथ सदर पुलिस थाना के समक्ष धरना लगाने की चेतावनी दी। इस मौके पर बग्गासिंह, सीताराम, सावित्री, सुरजीत कौर, लालचन्द, गुरदेव, जमना, भगवानी, पंजाब कौर, रणजीत कौर आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *