Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

1.25 करोड़ की चरस पकड़ी, तस्कर गिरफ्तार

चौमूं

सीआईडी सीबी की क्राइम ब्रांच की टीम ने चरस तस्करी में एक बदमाश को गुरुवार सुबह गिरफ्तार किया है। तस्कर के कब्जे से सवा करोड़ रुपए कीमत की 5 किलो चरस जब्त की है। क्राइम ब्रांच टीम ने यह कार्रवाई चौमूं के टांटियावास टोल प्लाजा पर प्राइवेट कंपनी की वीडियो कोच में की। फिलहाल आरोपी तस्कर से पूछताछ की जा रही है।

सीआईडी सीबी टीम के निरीक्षक राम सिंह नाथावत ने बताया कि चरस तस्करी में आरोपी आरिफ अली खान निवासी अजमेर को गिरफ्तार किया है। वह प्राइवेट कंपनी की वीडियो कोच में सवार होकर अमृतसर से अजमेर जा रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली कि बस में सवार तस्कर के पास भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ है। सूचना पर टीम टांटियावास टोल प्लाजा पर कार्रवाई के लिए पहुंची। सुबह करीब साढ़े दस बजे बस के पहुंचे ही संदिग्ध को पकड़कर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास चरस मिली। क्राइम ब्रांच ने आरोपी आरिफ को गिरफ्तार किया। जिसके कब्जे से मिली 5 किलोग्राम चरस को जब्त किया गया।

पकड़ी गई चरस की कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपए बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने जम्मू कश्मीर के अनंतनाग के बशीर से चरस खरीदने की बात कबूल की है। चरस को समुदाय विशेष बाहुल्य क्षेत्रों में सप्लाई करना बताया है। आरोपी आरिफ अली के पाकिस्तान से भी तार जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है।