मेलबर्न
कान में पास भनभनाते मच्छर हमेशा परेशान करते हैं, लेकिन हर बार वो आपको परेशान करने के मकसद से नहीं आते। खासकर नर मच्छर, क्योंकि ये इंसान का खून नहीं चूसते। इंसान का खून चूसकर संक्रमित करने का काम मादा मच्छर करती है। नई रिसर्च कहती है, नर मच्छर इंसानों की ओर आकर्षित होते हैं, इसलिए उनके इर्द-गिर्द मंडराते हैं।
इंसानों को कैसे ढूंढ लेते हैं ये मच्छर
वैज्ञानिकों का कहना है, मच्छर करीब 10 मीटर की दूरी से ही इंसान को ढूंढ लेते हैं। इसकी वजह है कार्बन-डाई-ऑक्साइड यानी CO2 है। इंसान ऑक्सीजन को ग्रहण करता है और कार्बन-डाई-ऑक्साइड को छोड़ता है। मच्छर इसी CO2 का सोर्स ढूंढते हुए कुछ ही सेकंड के अंदर इंसान तक पहुंच जाते हैं और काटना शुरू कर देते हैं। हालांकि, इंसान को काटने का का काम मादा मच्छर ही करती है। नर मच्छर अपनी भूख मिटाने के लिए फूलों के रस पर निर्भर रहते हैं।