नोहर (सीमा सन्देश न्यूज)। खुइयां पुलिस ने बुधवार देर शाम एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 16 ग्राम चिट्टा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को विशेष अभियान आॅपरेशन प्रहार के तहत अंजाम दिया गया। पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार खुइयां पुलिस थाना प्रभारी एसआई हरबंश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बुधवार देर शाम गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने गांव कानसर में झेदासर रोड से नेतराम उर्फ सोनू (21) पुत्र रामलाल उर्फ रामू जाखड़ निवासी कानसर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 16 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच नोहर थाना के एसआई रामकरण सिद्ध को सौंपी गई है। पुलिस टीम में एएसआई महावीर सिंह, कांस्टेबल मोहनलाल, दीवान सिंह व रामकुमार शामिल थे।