सैन फ्रांसिस्को
आईफोन बनाने वाली कंपनी एपल 3 लाख करोड़ डॉलर नेटवर्थ वाली दुनिया की एकमात्र कंपनी बनी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कंपनी को इस मुकाम पर पहुंचाने वाले CEO टिम कुक की सालाना सैलरी एपल के एक आम कर्मचारी की तुलना में 1,450 गुना अधिक है। हाल ही में एपल द्वारा दाखिल किए गए एक दस्तावेज के मुताबिक, बीते 10 सालों से एपल का नेतृत्व कर रहे टिम कुक को 2021 में मेहनताने के रूप में 9.87 करोड़ डॉलर, यानी लगभग 734 करोड़ रुपए मिले।
अमेरिकी टेक मैग्जीन द वर्ज के मुताबिक कुक की बेसिक सैलरी जहां लगभग 22 करोड़ रुपए थी, वहीं टारगेट पूरा करने पर बोनस के रूप में उन्हें 89 करोड़ रुपए मिले और कंपनी के शेयरों से उनकी कमाई 611 करोड़ रुपए से अधिक रही। वहीं एपल के एक औसत कर्मचारी की सालाना कमाई 68,254 डॉलर, यानी लगभग 50 लाख रुपए है।