नई दिल्ली
भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह शनिवार को 41 साल के हो गए हैं। भज्जी 2007 टी-20 और 2011 वनडे वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य भी रहे हैं। साथ ही वे पहले भारतीय बॉलर भी हैं, जिन्होंने टेस्ट में हैट्रिक ली थी। भज्जी को जन्मदिन पर सचिन तेंदुलकर, सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ और कुलदीप यादव जैसे दिग्गजों ने बधाई दी है।
23 साल के क्रिकेट करियर में हरभजन ने 103 टेस्ट, 236 वनडे और 28 टी-20 खेले हैं। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 417, वनडे में 269 और टी-20 में 25 विकेट झटके हैं।
भज्जी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हैट्रिक ली थी
ऑफ स्पिनर हरभजन ने मार्च 2001 में खेले गए कोलकाता टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हैट्रिक ली थी। तब टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले वे पहले भारतीय बने थे। भज्जी ने तब रिकी पोंटिंग, एडम गिलक्रिस्ट और शेन वॉर्न को शिकार बनाया था। उन्होंने टेस्ट की पहली पारी में 7 और दूसरी पारी में 6 विकेट लिए थे।
इसी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को फॉलोऑन खिलाया था। तब वीवीएस लक्ष्मण ने 281 रन की यादगार पारी खेलते हुए टेस्ट को ड्रॉ कराया था। दूसरी पारी में राहुल द्रविड़ ने भी 180 रन की पारी खेली थी। लक्ष्मण और द्रविड़ के बीच 5वें विकेट के लिए 376 रन की रिकॉर्ड पार्टनरशिप हुई थी। साथ ही सचिन तेंदुलकर ने 3 विकेट झटके थे।
अब तक 3 भारतीय टेस्ट में हैट्रिक ले चुके
अब तक कुल 3 भारतीय टेस्ट में हैट्रिक ले चुके हैं। हरभजन के बाद इरफान पठान ने पाकिस्तान के खिलाफ 2006 कराची टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2019 के किंग्सटन टेस्ट में हैट्रिक ली थी।
भज्जी सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय
हरभजन सिंह टेस्ट में सबसे ज्यादा 417 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय हैं। इस मामले में अनिल कुंबले 619 विकेट के साथ टॉप पर हैं। जबकि 1983 के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव 434 विकेट के साथ दूसरे भारतीय बॉलर हैं। हरभजन को पीछे छोड़ने से रविचंद्रन अश्विन सिर्फ 5 विकेट दूर हैं।
5 साल से इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेले भज्जी
भज्जी ने मार्च 1998 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट से डेब्यू किया था। वनडे में उन्होंने पहला मैच 17 अप्रैल 1998 को न्यूजीलैंड के खिलाफ शारजाह में खेला था। उनका टी-20 डेब्यू 1 दिसंबर 2006 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोहानेसबर्ग मैच से हुआ था।
उन्होंने अपना पिछला इंटरनेशनल मैच एशिया कप में 3 मार्च 2016 को UAE के खिलाफ ढाका में टी-20 खेला था। इसके बाद से वे कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेल सके। उन्होंने पिछला टेस्ट अगस्त 2015 में श्रीलंका के खिलाफ गाले में खेला था। जबकि उनका आखिरी वनडे 25 अक्टूबर 2015 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुंबई में था।