Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

60 साल की महिला से गैंगरेप के बाद हत्या:जयपुर में बदमाशों ने दुष्कर्म के बाद बेरहमी से सिर और चेहरा कुचला, नाले में मिला शव

जयपुर

जयपुर के बस्सी इलाके में 60 वर्षीया महिला का अपहरण कर गैंगरेप के बाद हत्या का मामला सामने आया है। बुजुर्ग महिला का सिर और चेहरा पत्थरों से कुचल कर हत्या की गई। बदमाशों ने महिला के शव को निर्वस्त्र हालत में नाले में फेंक दिया। शनिवार देर शाम से लापता हुई महिला का शव रविवार को बरामद हुआ। इसके बाद बांसखोह के रहने वाले 65 वर्षीय पति की तरफ से बस्सी थाने में हत्या, अपहरण, दुष्कर्म और सबूत मिटाने के लिए शव को छिपाने का मुकदमा दर्ज करवाया गया। पुलिस ने अंदेशा जताया है कि वारदात में दो और इससे ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।

60 वर्षीया महिला बस्सी रीको एरिया में प्लायबोर्ड बनाने वाली एक फैक्ट्री में काम करती थी। शनिवार शाम करीब 6 बजे वह फैक्ट्री से घर जाने के लिए निकली थी। देर रात तक वह घर नहीं पहुंची। तब उसके पति और अन्य परिजनों ने महिला के साथ काम करने वाले लोगों से बातचीत की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद रविवार को भी महिला घर नहीं पहुंची। तब सुबह करीब 11 बजे महिला का पति बस्सी थाने पहुंचा। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

चरवाहों ने नाले में निर्वस्त्र हालत में शव देखकर सूचना दी
रविवार दोपहर के बाद बस्सी के झर गांव में ढोल की ढाणी में बकरियां चराने गए चरवाहों ने जंगल में एक नाले में महिला का लहूलुहान हालत में शव देखा। यह देख चरवाहों ने झर के सरपंच मोहन मीना को सूचना दी। इसके बाद वारदात का पता चलने पर बस्सी एसीपी सुरेश सांखला, थानाप्रभारी मनोहरलाल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर ही एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलवाया गया।

वारदात में दो या इससे ज्यादा लोगों के शामिल होने का संदेह, परिचितों पर संदेह
मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संभावना जताई है कि महिला को अगवा कर झर गांव के सुनसान जंगल में लाया गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद सिर और चेहरे को पत्थरों से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। फिर निर्वस्त्र हालत में शव को नाले में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि महिला ने खुद को बचाने के लिए काफी संघर्ष भी किया, लेकिन वह अकेली होने के कारण कुछ नहीं कर सकी। माना जा रहा है कि वारदात में महिला का जानकार शामिल है। वो स्थानीय निवासी या फिर फैक्ट्री का कर्मचारी हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *