लंदन
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला आज से केनिंग्टन ओवल में खेला जा रहा है। इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले सत्र के खेल तक भारत का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 54 रन रहा। टीम के लिए कप्तान विराट कोहली (18) और रवींद्र जडेजा (2) के स्कोर पर नाबाद है।
खराब रही भारत की शुरुआत
इससे पहले भारत की शुरुआत काफी निराशाजनक देखने को मिली। रोहित शर्मा 27 गेंदों पर 11 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर आउट हुए, जबकि ओली रोबिंसन ने केएल राहुल (17) को आउट कर भारत को दूसरा झटका पहुंचाया। राहुल LBW आउट हुए। हालांकि उन्होंने DRS लिया, लेकिन वह उनके हक में नहीं गया और राहुल आउट होकर पवेलियन लौटे।
11वीं बार एंडरसन का शिकार बने पुजारा
चेतेश्वर पुजारा भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 4 रन बनाकर जेम्स एंडरसन की गेंद पर आउट हुए। भारत ने 39 पर अपना तीसरा विकेट गंवाया। टेस्ट क्रिकेट में यह 11वां मौका रहा, जब एंडरसन ने पुजारा को आउट किया हो।
विराट ने रचा इतिहास
विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 23,000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। कोहली ने 490 पारियों में यह रिकॉर्ड बनाया और सचिन तेंदुलकर (522) को पीछे छोड़ दिया। विराट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 23 हजार रन बनाने वाले भारत के तीसरे और दुनिया के सातवें खिलाड़ी बने।
काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरी भारतीय टीम
चौथे टेस्ट में टीम इंडिया काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरी है। टीम के खिलाड़ियों ने मुंबई क्रिकेट के अनुभवी कोच वासुदेव परांजपे को श्रद्धांजलि देने के लिए काली पट्टी बांधी है। वासुदेव परांजपे का 30 अगस्त को लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया था।
एंडरसन ने सचिन को पीछे छोड़ा
जेम्स एंडरसन घरेलू सरजमीं पर सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। एंडरसन का इंग्लैंड में यह 95वां टेस्ट मैच हैं। उनसे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम पर दर्ज था। सचिन ने भारत में 94 टेस्ट खेले थे। सचिन के बाद रिकी पोंटिंग 92 और एलिस्टर कुक 89 का नाम आता है।
दोनों टीमों में हुए दो बदलाव
इंग्लैंड ने टीम में जोस बटलर के स्थान पर ओली पोप और सैम करन की जगह क्रिस वोक्स को टीम में शामिल किया, जबकि भारत की प्लेइंग इलेवन में भी दो चेंज देखने को मिले। शमी की जगह शार्दूल ठाकुर और इशांत शर्मा की जगह उमेश यादव को मौका मिला।
छाए रहेंगे बादल
चौथा मुकाबला लंदन के ओवल में खेला जा रहा और पहले दिन के खेल में बादल छाए रहेंगे, लेकिन फैंस के लिए एक अच्छी खबर ये हैं कि बारिश की ज्यादा उम्मीद नहीं है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेंटीग्रेड, जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है।
दोनों टीम
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, उमेश यादव जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, शार्दूल ठाकुर।
इंग्लैंड: जो रूट (कप्तान), रोरी बर्न्स, हासीब हमीद, डेविड मलान, जॉनी बेयरस्टो, ओली पॉप, क्रिस वोक्स, मोइन अली, जेम्स एंडरसन, ओली रॉबिंसन, क्रेग ओवर्टन।