श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ शहर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक युवक की लाश मिलने का मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जुड़े होने के रूप में सामने आया है।मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश मान ने बताया कि इस घटना से संबद्ध लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। कल शुक्रवार सुबह लगभग 7 बजे पीलीबंगा से सूरतगढ़ होते हुए बीकानेर की ओर गई एक रेलगाड़ी के लोको पायलट से भी फोन पर जानकारी ली गई है। लोको पायलट ने बताया कि उसने रेल पटरी के साथ-साथ एक युवक को जाते हुए देखा था।जब ट्रेन नजदीक पहुंची तो यह युवक चपेट में आ गया। उसने सूरतगढ़ में रेलवे स्टेशन अधीक्षक को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस जब मौके पर गई तो मृतक की पहचान नरेश जाट (22) निवासी चक 1-आरपीएम थाना पीलीबंगा के रूप में हुई.
जांच अधिकारी के मुताबिक चक 1-आरपीएम निवासी हंसराज(45) द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसके भतीजे नरेश (पुत्र आशाराम जाट) की हत्या करने के आरोप में राजकुमार नायक, उसके पुत्रों सुनील, सुभाष, पत्नी कमला के अलावा सुखराम, सुरजाराम, छिंद्रकौर तथा शकुंतला आदि पर हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए लाश को रेलवे ट्रैक पर डाल देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। ँंल्ल२१ं्न ने बताया कि परसों गुरुवार रात को नरेश द्वारा पालतू 10-12 भैंसे नजदीक कृषि फार्म एरिया में चली गई थी। भैंसों को वापस लाने के लिए नरेश, उसके पुत्र नंदकिशोर को साथ लेकर कृषि फार्म क्षेत्र के चक 2-आरपीएम की तरफ गया था। आगे जाकर दोनों अलग-अलग दिशाओं में भैंसों को तलाश करने चले गए। इनको वहां राजकुमार तथा गंगाराम बावरी भी मिले। पुलिस के अनुसार हंसराज का कहना है कि कुछ ही देर बाद नंदकिशोर, राजकुमार और गंगाराम नरेश के बचाओ- बचाओ की आवाज सुनकर उसी तरफ दौड़ कर गए। उन्होंने देखा कि देवीलाल माइनर के पास नरेश को उक्त लोग जमीन पर पटक कर लाठियों और ठोकरों से पीट रहे हैं। उन्होंने बचाने की कोशिश की तो डरा धमका कर भगा दिया। हंसराज के अनुसार बाद में उन्हें पता चला तो वे भी मौके पर गए। नरेश की लाश रेलवे ट्रैक पर पड़ी थी। उसे मारकर रेलवे ट्रैक पर डाल दिया और ट्रेन की चपेट में आने से शरीर कट फट गया। उसने पुरानी रंजिश को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश मान के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों के परिवार की 18-19 वर्षीय एक युवती से नरेश के कथित रूप से प्रेम संबंध थे। नरेश गुरुवार देर रात को इसी लड़की से मिलने के लिए चक 2*आरपीएम की तरफ गया था। रात्रि लगभग 2 बजे लड़की के घरवालों को भनक लग गई। उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। नरेश को मारपीट कर भगा दिया। बताया जाता है कि लड़की से भी मारपीट की गई। जांच अधिकारी के मुताबिक प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या कर लिए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ट्रेन के लोको पायलट से अभी सिर्फ फोन पर पूछताछ हुई है।उसे विस्तृत पूछताछ के लिए तलब किया गया है। आरोपी पक्ष के कुछ लोगों से भी कड़ी पूछताछ चल रही है। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई। जांच पड़ताल पूरी होने के बाद ही पता चल पाएगा कि नरेश की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई है। उन्होंने लड़की से भी पूछताछ किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया।