Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कमर्शियल सिलेंडर के उपयोग के लिए आज से अभियान

सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर एलपीजी फैडरेशन की वर्चुअल बैठक जिलाध्यक्ष पंकज नागपाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें श्रीगंगानगर की समस्त सातों गैस एजेंसियों के संचालक जुड़े तथा सर्वसम्मति से कमर्शियल सिलेण्डर के नाम पर घरेलू गैस के दुरूपयोग को रोकने के लिए सोमवार से विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया। इसके तहत होटल-ढाबों व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर कमर्शियल सिलेण्डर के उपभोग की वास्तविक खपत तथा बिलों की जाँच की जाएगी। मौके पर किसी होटल-ढाबे पर कमर्शियल सिलेण्डर का बिल नहीं पाया जाता है तो जिला रसद अधिकारी को बुलाकर कार्यवाही करवाई जाएगी। जिलाध्यक्ष नागपाल ने कहा कि देखा गया है कि होटलों, ढाबों आदि व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर व्यवसायिक गैस सिलेण्डर का प्रयोग अनिवार्य होने के कारण जिलेभर में कमर्शियल गैस सिलेण्डरों में घरेलू गैस सिलेण्डरों से गैस की अवैध रिफिलिंग की जा रही है। इस पर प्रभावी अंकुश लगाना आवश्यक है, अन्यथा कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। कुछ प्राईवेट कम्पनियां घरेलू एवं व्यवसायिक के रूप में एक ही सिलेण्डर का प्रयोग करके जीएसटी की चोरी कर रही हैं, जिस पर भी कार्यवाही की जानी चाहिए।
नागपाल ने कहा कि बड़े स्तर पर सीमावर्ती राज्य पंजाब से 19 किलोग्राम वाले व्यवसायिक सिलैण्डर की अवैध तस्करी श्रीगंगानगर जिले में हो रही है। रसद विभाग को इस पर भी प्रभावी कार्यवाही करनी चाहिए। बैठक में संजीव पूनिया, संजय मित्तल, राजपाल नागपाल, राहुल अरोड़ा, लक्की मिड्ढा, ईशान नागपाल, अजय मित्तल सहित श्रीगंगानगर एलपीजी फैडरेशन सदस्य शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *