Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सदस्यों ने रखी जनसमस्याएं, ब्लॉक डवलपमेंट प्लान का अनुमोदन

बीकानेर. बीकानेर पंचायत समिति की साधारण सभा सोमवार को पंचायत समिति सभागार में हुई। प्रधान लालचंद आसोपा की अध्यक्षता में हुई साधारण सभा के दौरान वित्तीय वर्ष 2021-22 के ब्लॉक डवलपमेंट प्लान का अनुमोदन किया गया। बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली, पानी, सडक़ सहित विभिन्न समस्याओं को रखा। बैठक में लूणकरनसर विधायक सुमित गोदारा ने सभी ग्रामों में ट्यबवेल पर पानी की मोटरों की खराबी की मॉनिटरिंग के लिए ऑन लाइन सिस्टम या सॉफ्टवेयर तैयार करने का सुझाव दिया।

उप प्रधान राजकुमार कस्वां ने नापासर में सीएचसी में अतिरिक्त चिकित्सकों का पदस्थापन करने एवं ग्राम रामसर में जीएसएस पर कार्मिक लगाने की बात कही। साधारण सभा में विकास अधिकारी दिनेश चन्द्र मिश्रा सहित जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, उपखण्ड अधिकारी अशोक सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी शामिल हुए।

सदस्यों ने रखे प्रस्ताव

साधारण सभा के दौरान पंचायत समिति सदस्य सुमन देवी मूण्ड, सुरजा देवी सरपंच, रामदयाल गोदारा सरपंच, रामेश्वर लाल जाखड़ पंचायत समिति सदस्य, अर्जुनराम मेघवाल पंचायत समिति सदस्य, मनीषा सरपंच सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सभा के दौरान पेजयल समस्या, बिजली कटौती, जर्जर पानी की टंकी, बंद पडे़ ट्यबवेल शुरू करवाने, डामर सडक़ निर्माण, नया जीएसएस बनवाने, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए नया भवन बनवाने आदि के प्रस्ताव रखे। साधारण सभा में पंचायत समिति प्रधान ने बिजली, पानी, शिक्षा, राजस्व, चिकित्सा, रसद, कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला बाल विकास एवं महानरेगा विषयों पर जनप्रतिनिधियों की समस्याओं पर चर्चा कर अधिकारियों को समस्या का समाधान जल्द कर आगामी बैठक से पहले अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *