Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अब तक फेल रही धोनी-शास्त्री-विराट की तिकड़ी:2 वनडे और एक टी-20 वर्ल्ड कप में साथ काम किया, टीम इंडिया तीनों मुकाबलों से बाहर हुई

नई दिल्ली

अक्टूबर-नवंबर में UAE और ओमान में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। विराट कोहली कप्तान होंगे वहीं रवि शास्त्री कोच और महेंद्र सिंह धोनी मेंटोर की भूमिका में नजर आएंगे। यह पहली बार नहीं हो रहा है जब किसी बड़े ICC टूर्नामेंट में विराट, धोनी और शास्त्री की तिकड़ी एक साथ काम करेगी। इससे पहले 2015 और 2019 में वनडे वर्ल्ड कप और 2016 में टी-20 वर्ल्ड कप में भी ये तीनों टीम मैनेजमेंट में एक साथ शामिल थे। लेकिन, इन सभी टूर्नामेंट में भारतीय टीम चैंपियन नहीं बन पाई।

2015 में पहली बार तीनों आए थे साथ
महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रवि शास्त्री की तिकड़ी पहली बार 2015 में ऑस्ट्रेलिया में हुए वनडे वर्ल्ड में साथ आई थी। तब धोनी टीम के कप्तान थे। विराट कोहली टीम के सबसे अहम बल्लेबाज थे तो रवि शास्त्री टीम डायरेक्टर के तौर पर मौजूद थे। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम सेमीफाइनल तक पहुंची। अंतिम चार के मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 95 रनों से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था।

2016 टी-20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज ने हराया
धोनी, विराट और शास्त्री की तिकड़ी 2016 टी-20 वर्ल्ड कप में भी साथ थी। तब धोनी कप्तान, विराट उप कप्तान और शास्त्री टीम डायरेक्टर थे। यह टूर्नामेंट भारत में हुआ था। भारतीय टीम इस बार भी सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई। मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को 2 गेंद बाकी रहते सात विकेट से हरा दिया। वेस्टइंडीज ने फाइनल में इंग्लैंड को हराकर खिताब जीता था।

2019 में न्यूजीलैंड ने थामा भारत का विजय रथ
धोनी, शास्त्री और विराट की तिकड़ी आखिरी बार एक साथ 2019 में इंग्लैंड में हुए वनडे वर्ल्ड कप में एक साथ उतरी थी। इस बार विराट कोहली कप्तान, धोनी सीनियर बल्लेबाज/विकेटकीपर और शास्त्री कोच थे। भारत ने लीग मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन किया और 9 में से 7 मुकाबले जीतकर पहले स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया। लेकिन, एक बार फिर हमारी टीम फाइनल में नहीं पहुंच सकी। अंतिम-4 के मुकाबले में भारत को न्यूजीलैंड ने 18 रनों से हरा दिया।

धोनी की कप्तानी में 2 वर्ल्ड कप जीते, 6 हारे भी
यह बात सही है कि महेंद्र सिंह धोनी सीमित ओवर की क्रिकेट में भारत के सबसे सफल कप्तान रहे हैं। उनकी मौजूदगी 2021 टी-20 वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया का हौसला बढ़ाएगी। लेकिन, यह नहीं भूलना चाहिए कि धोनी की कप्तानी में भारत को 6 वर्ल्ड कप में हार भी झेलनी पड़ी है। इनमें पांच टी-20 वर्ल्ड कप (2009, 2010, 2012, 2014 और 2016) और 1 वनडे वर्ल्ड कप (2015) शामिल है। इसलिए बतौर मेंटोर धोनी की मौजूदगी जीत की गारंटी नहीं है। टीम इंडिया को ICC टूर्नामेंट के नॉकआउट राउंड में अपना प्रदर्शन बेहतर करना ही होगी।

8 साल से कोई ICC खिताब नहीं जीत पाया है भारत
भारतीय टीम पिछले 8 साल से कोई भी ICC खिताब नहीं जीत पाया है। भारत को आखिरी कामयाबी 2013 में हुई ICC चैंपियंस ट्रॉफी में मिली थी। तब भारत ने फाइनल में इंग्लैंड को हराया था। इसके बाद भारतीय टीम 2015 और 2019 के वनडे वर्ल्ड कप और 2016 के टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हारी। साथ ही भारतीय टीम 2017 में हुई चैंपियंस ट्रॉफी और 2021 में हुई ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच हारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *