हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन पुलिस ने नशे में इस्तेमाल होने वाली टेबलेट बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक सदर पुलिस थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण ने बताया कि बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार तथा जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन के निदेर्शानुसार जिले में मादक और नशीले पदार्थों की रोकथाम के संबंध में विशेष अभियान आॅपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस और पुलिस उप अधीक्षक प्रशांत कौशिक के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक विजयपाल बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई करने के लिए दिशा निर्देश प्रदान किए गए। टीम ने मंगलवार रात गश्त के दौरान गांव नौरंगदेसर के पास एक युवक को रुकवा तलाशी ली तो उसके पास से नशे में इस्तेमाल होने वाली 90 टेबलेट बरामद हुए। पुलिस ने नशीली टेबलेट बरामद कर मौके से विनोद कुमार (25) पुत्र कालूराम छिम्पा निवासी वार्ड नम्बर 8, पक्काभादवां पुलिस थाना सदर हनुमानगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाना की उप निरीक्षक विशु वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक विजयपाल बिश्नोई के अलावा कांस्टेबल रामनारायण, अमनदीप सिंह और प्रदीप सिंह शामिल थे।