Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मेडिकल स्टोर से नशीली टेबलेट बरामद, संचालक गिरफ्तार

  • हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस की बस स्टैंड के नजदीक कार्रवाई
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन पुलिस ने औषधि विभाग के सहयोग से बस स्टैंड के नजदीक स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर नशे में इस्तेमाल होने वाली टेबलेट बरामद की है। मौके से मेडिकल संचालक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारम्भिक पड़ताल में यह बात सामने आई है कि आरोपी मेडिकल स्टोर की आड़ में नशा करने के आदी लोगों को मेडिकल नशा उपलब्ध करवाता था। जंक्शन थाना प्रभारी नरेश गेरा ने बताया कि बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार व जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन की ओर से चलाए जा रहे आॅपरेशन प्रहार के तहत उच्चाधिकारियों की ओर से नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मेडिकल स्टोर की आड़ में नशा बेचने वालों के खिलाफ गोपनीय रूप से निगरानी रखने व कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अभियान के तहत मंगलवार रात गश्त के दौरान मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि जंक्शन में बस स्टैंड के नजदीक चंडीगढ़ रोड पर स्थित दा केमिस्ट शॉप पर नशे में इस्तेमाल होने वाली टेबलेट की बिक्री की जा रही है। इस सूचना पर ड्रग इंस्पेक्टर अमनदीप कौर के साथ पुलिस टीम की ओर से मेडिकल स्टोर दा केमिस्ट शॉप पर छापा मारा। तलाशी के दौरान मेडिकल स्टोर से नशे में इस्तेमाल होने वाली 1065 टेबलेट बरामद हुई। नशीली टेबलेट कब्जे में लेकर मौके से मेडिकल स्टोर संचालक पवन शर्मा (40) पुत्र शिवधन शर्मा निवासी मकान नम्बर 8/76 हाउसिंग बोर्ड, वार्ड नम्बर 7, जंक्शन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच हनुमानगढ़ टाउन थाना के उप निरीक्षक विजयपाल बिश्नोई को सौंपी है। थाना प्रभारी गेरा के अनुसार प्रकरण में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली गोलियां बेचने, बिलों में हेराफेरी करने व बिना बिल के नशीली गोलियां बेचने के सम्बन्ध में अन्य व्यक्तियों की भूमिका के सम्बन्ध में जांच की जा रही है। साथ ही मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे नेटवर्क के सम्बन्ध में अनुसंधान जारी है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी नरेश गेरा, एएसआई मघर सिंह, हैड कांस्टेबल सरजीत सिंह, कांस्टेबल सुरेश कुमार, महिपाल, रामप्रसाद, सत्यनारायण और ड्रग इंस्पेक्टर अमनदीप कौर शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *