हाईकोर्ट ने अनुसंधान अधिकारी को केस डायरी सहित किया तलब हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले की नोहर तहसील के जसाना गांव में अटल सेवा केन्द्र पर हुए पवन व्यास हत्याकांड का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है। इसके तहत हाईकोर्ट ने अनुसंधान अधिकारी को केस डायरी सहित तलब किया है। गौरतलब है कि पवन व्यास हत्याकांड को लेकर हनुमानगढ़ में विप्र फाउंडेशन की ओर से प्रदेश स्तर तक आंदोलन किया गया था। विप्र फाउंडेशन युवा टीम की ओर से एडवोकेट दिनेश दाधीच व मुकेश रामपुरा के नेतृत्व में जिला एवं प्रदेश स्तर तक आंदोलन किया तथा जयपुर तक पैदल यात्रा की गई थी। इसके पश्चात विधानसभा में भी यह मामला कई विधायकों की ओर से उठाया गया था। सीबीआई से जांच करवाने की मांग को लेकर लंबे समय तक आंदोलन चला था परन्तु आज तक पवन व्यास की हत्या का पदार्फाश पुलिस नहीं कर पाई। इसके पश्चात विप्र फाउंडेशन के सहयोग से मृतक पवन व्यास के पिता रामस्वरूप व्यास की ओर से हाईकोर्ट में याचिका प्रस्तुत की गई। इसमें विप्र फाउंडेशन के युवा प्रकोष्ठ के विधिक सलाहकार एडवोकेट कुलदीप शर्मा ने राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर में पवन व्यास हत्याकांड को लेकर याचिका दायर की। इसमें राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर की ओर से आगामी तारीख पेशी को अनुसंधान अधिकारी को केस डायरी सहित व्यक्तिगत तलब किया गया है। पवन व्यास हत्याकांड के खुलासे को लेकर पीड़ित पिता रामस्वरूप व्यास के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने नोहर को कई बार बंद रखा। कई महीनों तक थाने के सामने नोहर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इसी कड़ी में विप्र फाउंडेशन ने 11 जुलाई 2019 को विप्र फाउंडेशन युवा प्रकोष्ठ के तत्कालीन प्रदेश महामंत्री मुकेश रामपुरा के नेतृत्व में नोहर से जयपुर न्याय प्राप्ति के लिए पद यात्रा की थी। पीड़ित पिता को साथ लेकर 22 जुलाई 2019 को विधानसभा घेराव किया गया था। गृहमंत्री का उस दिन प्रभार शांति धारीवाल के पास था। 20 विधायकों की मौजूदगी में उनकी वार्ता हुई। वार्ता में तय हुआ कि एसओजी अस्थाई कैंप लगाकर प्रकरण की जांच कर खुलासा करेगी। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सीबीआई से जांच करवाने के लिए वार्ता की गई। फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष अश्वनी पारीक के अनुसार पवन व्यास हत्याकांड के खुलासे को लेकर विप्र फाउंडेशन युवा प्रकोष्ठ निरंतर प्रयासरत है। युवा प्रकोष्ठ लगातार इस मामले पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने बतायश कि राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेश के पश्चात आगे की रणनीति बनाई जाएगी। पवन व्यास हत्याकांड का हर सूरत में खुलासा करवाकर अपराधियों को सजा दिलवाई जाएगी। इसके लिए विप्र फाउंडेशन का युवा प्रकोष्ठ कभी पीछे नहीं हटेगा।