शराब ठेकेदारों ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए किया यज्ञ
by seemasandesh
आरएमएल के अनुपात को कम करने की मांग को लेकर बेमियादी आंदोलन जारी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। आबकारी विभाग की कथित दोगली नीति के विरोध में अनुज्ञाधारी शराब ठेकेदारों की ओर से संगरिया रोड पर स्थित शराब गोदाम के समक्ष दिया जा रहा बेमियादी धरना बुधवार को सातवें दिन भी जारी रहा। साथ ही क्रमिक अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को शराब ठेकेदारों ने विभागीय अधिकारियों व सरकार की सद्बुद्धि के लिए धरनास्थल पर सद्बुद्धि यज्ञ किया। पंडित जसवीर शर्मा के सानिध्य में किए गए यज्ञ में शराब ठेकेदारों ने आहुतियां डाल आबकारी आयुक्त व सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। अनुज्ञाधारी पप्पूसिंह गिल व राकेश निवाद ने कहा कि सरकार अपनी हठधर्मिता छोड़ शराब ठेकेदारों की ज्वलन्त समस्या का समाधान करे, नहीं तो कोई भी शराब की दुकानों का संचालन नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति लाभ के लिए व्यापार करता है नुकसान के लिए नहीं। सरकार की गलत नीतियों की वजह से मात्र पांच माह में ही शराब ठेकेदारों की हालात दयनीय हो चुके हैं। राजेन्द्र खत्री व प्रदीप तिवाड़ी ने कहा कि शराब ठेकेदारों की स्थिति कितनी खराब हो चुकी है इसका अंदाजा इसी से ही लगाया जा सकता है कि वे मासिक गारन्टी उठाने की स्थिति में नहीं हैं। यह सब आबकारी विभाग की गलत नीतियों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को शराब गोदाम पर तालाबन्दी कर सरकार को चेताने का प्रयास किया गया था कि जब शराब दुकानों पर ही ताला लग जाएगा तो शराब गोदाम भी अपने आप बन्द हो जाएंगे। विनोद बेनीवाल ने कहा कि सरकार को सबसे अधिक राजस्व देने वाले अनुज्ञाधारी वर्ग के प्रति सरकार की मंशा समझ से परे है क्योंकि यदि शराब ठेकेदार ही बर्बाद हो जाएंगे तो सरकार को राजस्व की प्राप्ति कैसे होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की सद्बुद्धि के लिए किए गए सद्बुद्धि यज्ञ से सोई हुई सरकार जागकर हमारी समस्याओं का समाधान करे, ऐसी हम भगवान से प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को जिला कलक्टर से मिलकर मांग के संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान भूपेंद्र सूडा, विनोद सूडा, रामप्रताप खीचड़, दिनेश भाकर, दलीप कस्वां, लगनदीप, विनोद खिचड़, पलविंद्र सिंह, नरेश गोस्वामी, जयदीप, श्यामलाल शोरगर, महेंद्र कामरा, देवीलाल सहित कई शराब ठेकेदार मौजूद थे।