विवाहिता के पति और युवक पर कत्ल कर लाश नहर में फेंक देने के आरोप में मुकदमा दर्ज, परिजन धरने पर बैठे
हनुमानगढ़. जिले में रावतसर में एक युवक और एक विवाहिता में कथित रूप से व्हाट्सएप कॉलिंग होने का खुलासा होने पर एक युवक गायब हो गया,जिसकी कई घंटे बाद लाश इंदिरा गांधी नहर में बरामद हुई। नहर के किनारे युवक की कार खड़े होने का पता चलने पर पुलिस और परिजन पहुंचे। तलाश करने पर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर आरडी 99 के नजदीक लाश बरामद हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक रावतसर के वार्ड नंबर 13 का निवासी राहुल कुम्हार (23) है। उसके पिता बलवंतराम कुम्हार द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर रावतसर के समीप चक 9-एएम निवासी सोहनलाल कुम्हार पुत्र मदनलाल और राजेश पुत्र शीशपाल कुम्हार के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। बलवंत ने आरोप लगाया है कि इन दोनों ने उसके पुत्र को मारकर नहर में फेंक दिया।कल देर शाम नहर में बरामद हुई राहुल की लाश को पुलिस ने रावतसर सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया। देर रात को पिता की रिपोर्ट पर धारा 302 और 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आज सुबह मृतक के परिवार जन तथा समाज के अनेक लोग अस्पताल परिसर में धरना देकर मांग करने लगे कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। इसके बाद पोस्टमार्टम होने दिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक बलवंत कुम्हार ने मुकदमे में बताया है कि कल सोहनलाल उसके घर आया और कहने लगा कि उसका बेटा राहुल व्हाट्सएप कॉल से उसकी पत्नी से बातचीत करता है। उसकी पत्नी भी राहुल को व्हाट्सएप कॉल करती है। राहुल से जब इस बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि उसके नाम का एक सिम कार्ड राजेश के पास है। वही सिमकार्ड का इस्तेमाल करता है।हो सकता है राजेश और सोहनलाल की पत्नी की आपस में व्हाट्सएप कॉल के जरिए बातचीत होती हो। बलवंत के अनुसार उन्होंने राहुल को राजेश से बात करवाने के लिए कहा। राहुल ने राजेश से बात करवाई तो वह आग बबूला हो गया कि उसने यह बात अपने परिवार और सोहनलाल को क्यों बताई। वह उसे जिंदा नहीं छोड़ेगा।
दूसरी तरफ सोहनलाल ने भी राहुल को धमकाया की वह भी उसे जिंदा नहीं छोड़ेगा, क्योंकि उसी के नाम के सिम कार्ड से ही व्हाट्सएप कॉलिंग हो रही है। राहुल को राजेश के पास चलने के लिए कहा गया। कुछ देर बाद राहुल कार लेकर राजेश के पास जाने का कहकर गया तो फिर वापस नहीं आया।काफी देर बाद पता चला कि उसकी कार हनुमानगढ़ मार्ग पर रखो वाली में इंदिरा गांधी नहर के पुल से कुछ ही दूरी पर किनारे लावारिस खड़ी है। पुलिस के मुताबिक कार से कुछ ही दूरी पर बाद में आरडी 99 के पास एक युवक की लाश मिली। उसके हाथ में पहने कड़े पर नाम राहुल लिखा हुआ था। लाश की शिनाख्त राहुल के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक राहुल और उसका पिता किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। बलवंत की हनुमानगढ़ मार्ग पर ऑफसेट प्रिंटिंग प्रेस, मोबाइल शॉप तथा ई-मित्रा केंद्र का काम है। पुत्र राहुल भी इसी व्यवसाय को संभालता था।दोनों कल सुबह ही दिल्ली से वापस आए थे। कुछ देर बाद यह सारा घटनाक्रम हो गया। बलवंत का आरोप है कि राजेश और सोहनलाल ने उसके पुत्र को मारकर नहर में फैंका है।
निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर धरनार्थी माने
आज सुबह अस्पताल परिसर में इन दोनों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना लग जाने पर कांग्रेस के पूर्व सांसद मास्टर भरतराम मेघवाल, कुम्हार समाज के प्रधान अर्जुनराम एडवोकेट आदि गणमान्य लोग पहुंचे। उन्होंने समझाइश के प्रयास किए। जानकारी के मुताबिक रावतसर के डीएसपी रणवीर मीणा ने भी आश्वस्त किया है कि पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस बीच सूत्रों से पता चला है कि सोहनलाल और उसकी पत्नी का आपस में मनमुटाव चल रहा है। उसकी पत्नी पिछले कुछ समय से हरियाणा में अपने पीहर में रह रही है।यह जानकारी मिली है कि सोहनलाल ने भी एक परिवाद थाने में दिया है। पुलिस उस पर भी कार्रवाई कर रही है। समझाइश करने पर लोगों ने धरना खत्म कर दिया। दोपहर को पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर लाश परिवार जनों को सौंप दी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि राजेश और सोहनलाल की पत्नी की आपस में व्हाट्सएप कॉल से बातचीत का कथित रूप से खुलासा हो जाने से संभवतः राहुल घबरा गया, क्योंकि राजेश उसके नाम पते से ली हुई सिम का इस्तेमाल कर रहा था। वह दोनों तरफ से फंस गया। इसी से डरकर उसके द्वारा नहर में कूदकर आत्महत्या कर लिए जाने की संभावना से पुलिस फिलहाल इंकार नहीं कर रही। यह आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किए जाने का मामला भी हो सकता है। पुलिस का कहना है कि पूरी गहनता से जांच की जा रही है।