Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सेहत को लेकर बप्पी दा का बयान:दिग्गज म्यूजिशियन ने आवाज चले जाने की खबरों को निराशाजनक बताया, बोले- फैंस की दुआओं से मैं अच्छा हूं

दिग्गज म्यूजिशियन और गायक बप्पी लहरी को अपनी सेहत का सच बताने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट करनी पड़ी। हाल ही में कई सोशल मीडिया साइट्स पर ये खबरें आईं कि बप्पी लहरी की सेहत खराब है और उन्होंने अपनी आवाज खो दी है।

इसके बाद बप्पी दा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इन खबरों को खारिज कर दिया। बप्पी दा ने लिखा- ये जानकर दुख हो रहा है कि कुछ मीडिया हाउस में मेरी सेहत और आवाज को लेकर गलत खबरें आईं। मेरे फैंस और मेरा अच्छा चाहने वालों की दुआओं से मैं अच्छा हूं।

रिपोर्ट्स में दावा- व्हीलचेयर पर हैं बप्पी दा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बप्पी दा स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों से गुजर रहे हैं। इसी साल अप्रैल में उन्हें कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। वे व्हीलचेयर पर हैं और आसानी से आने-जाने के लिए उनके जुहू स्थित बंग्ले पर लिफ्ट भी लगानी पड़ी है। रिपोर्ट्स में बप्पी दा से मिलने जाने वालों के हवाले से यह भी दावा किया गया कि सिंगर की सेहत काफी गिर गई है और वे बोल भी नहीं रहे हैं।

बेटे ने बताया बप्पी दा के न बोलने का कारण
बप्पी दा के बेटे बप्पा लहिरी भी बीमारी के दौरान पिता की देखभाल करने अमेरिका से भारत आ गए थे। बप्पा लहरी ने बताया- कोरोना संक्रमित होने के बाद बप्पी लहिरी के फेफड़ों में समस्या थी। इसीलिए डॉक्टरों ने उन्हें बात न करने की सलाह दी थी। इसीलिए उनसे मिलने वालों ने सोचा कि आवाज चली गई है। वे अभी भी बेहद एक्टिव हैं। उन्होंने दुर्गा पूजा के दौरान बंगाली एक्ट्रेस ऋतुपर्णा सेन गुप्ता के साथ एक गाना रिकॉर्ड करने की भी योजना बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *