नौ हजार रुपए की रिश्वत लेते एसीबी ने किया था गिरफ्तार हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नौ हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए श्रीगंगानगर जिला अधीन हिन्दुमलकोट पुलिस थाना के सहायक उप निरीक्षक प्रहलाद मीणा को एसीबी हनुमानगढ़ ने बुधवार को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया। रिश्वतखोर एएसआई प्रहलाद मीणा (48) पुत्र जगनलाल मीणा निवासी ग्राम मीणापुरा तहसील टोडाभीम जिला करौली को एसीबी हनुमानगढ़ की टीम ने श्रीगंगानगर स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो न्यायालय में पेश किया। एएसआई प्रहलाद मीणा ने दुष्कर्म के मामले में राजीनामा करवा पहले शिकायतकर्ता से 13 हजार रुपए ले लिए थे। उसी मामले में महिला की ओर से दोबारा शिकायत करने की बात कह थानेदार ने फिर राजीनामा करवाने की बात कह 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। गौरतलब है कि गुरबचन सिंह (28) पुत्र जीतसिंह रायसिख निवासी गांव 3 सी बड़ी पक्की जिला श्रीगंगानगर के खिलाफ छह-सात माह पहले हिन्दुमलकोट पुलिस थाना में दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले की जांच एएसआई प्रहलाद मीणा की ओर से की गई थी। मामले में पीड़िता व आरोपी पक्ष का आपस में राजीनामा हो गया था। इस राजीनामा के लिए एएसआई प्रहलाद मीणा ने गुरबचन सिंह से 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इस पर गुरबचन सिंह ने प्रहलाद मीणा को 13 हजार रुपए दे दिए। अब फिर एएसआई प्रहलाद मीणा ने गुरबचन सिंह को कहा कि उसके खिलाफ फिर से उसी महिला ने शिकायत की है। अगर उस महिला से राजीनामा करवाना है तो उस महिला को खर्चा-पानी देना होगा। इसकी एवज में 20 हजार रुपए देने होंगे। इस पर गुरबचन सिंह की ओर से एसीबी हनुमानगढ़ में शिकायत की गई। ब्यूरो ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान 10 हजार रुपए देना तय हुआ। शिकायत के सत्यापन के दौरान प्रहलाद मीणा ने 1 हजार रुपए गुरबचन सिंह से ले लिए। शेष 9 हजार रुपए रिश्वत राशि मंगलवार को देना तय हुआ। इस पर एसीबी हनुमानगढ़ ने ट्रेप के लिए जाल बिछाया। मंगलवार को एसीबी ने एएसआई प्रहलाद मीणा को 9 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रेप किया। रिश्वत राशि आरोपी की पहने शर्ट की जेब से बरामद हो गई। इसके बाद एसीबी ने मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई को अंजाम दिया।