Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रीट वाहनों की चेकिंग के दौरान स्विफ्ट डिजायर में 22 किलो डोडा पोस्त मिला, तीन युवक गिरफ्तार

श्रीगंगानगर । श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र में कल देर रात राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) देकर लौट रहे लोगों के वाहनों की चेकिंग के दौरान एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार में 22 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद होने पर उसमें सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी रामनारायण चॉयल ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर (आरजे 19 टीए 6380) को सूरतगढ़-अनूपगढ़ स्टेट हाईवे पर 32-जीबी अड्डे के नजदीक कल देर रात चेकिंग के लिए को रोका गया था। तलाशी लेने पर एक प्लास्टिक के कट्टे में 22 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। कार में सवार सुभाष जांगू (28) पुत्र काछबाराम निवासी चक 4एनएमडी मग्घासर तहसील पोकरण थाना नोख जिला जैसलमेर, अशोक बिश्नोई (28) पुत्र हरिराम बिश्नोई निवासी नेवा कानासर थाना बाप तहसील फलोदी और शिवप्रकाश ढाका उर्फ सागर (18) पुत्र गंगाराम निवासी लोहावट,जिला जोधपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह युवक जोधपुर जिले से पोस्त की खेप लेकर घमूडवाली थाना क्षेत्र में किसी को देने के लिए जा रहे थे। इनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए मुकदमे की आगे जांच घमूडवाली थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा कर रहे हैं। आज अदालत में पेश करने पर तीनों का रिमांड मिला है। पुलिस पूछताछ कर रही है कि पोस्त जोधपुर जिले में कहां से लेकर आए थे और और आगे किसको देना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *