जयपुर
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कमरे में बंद रहने के बीजेपी के आरोपों पर पलटवार किया है। साथ ही सीएम ने नाम लिए बिना पायलट खेमे को भी निशाने पर लिया। सीएम गहलोत ने कहा कि हमारे विपक्षी लोग कहते हैं कि सीएम कमरे में बंद हैं। अमित शाह, धर्मेंद्र प्रधान और अन्य लोगों की कृपा से हम 34 दिन होटलों में रहे तो बंद कैसे रहे। आप लोगों की बड़ी कृपा रही। हमारे विधायकों की कृपा से वो टाइम भी निकल गया।
सीएम गहलोत ने कहा कि हमारे सीएस महोदय, ब्यूरोक्रेट सबसे पहले चिंतित होते हैं कि पता नहीं सरकार रहेगी या नहीं। सचिवालय में भी पहले यही चर्चा होती है। कामकाज बंद और चर्चा शुरू हो जाती थी। हम उस हालत में चल रहे थे कि सरकार रहेगी या नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे पांच साल चलेगी। पांच साल ही नहीं अगली बार सरकार वापस बनेगी। धारीवाल जी को इसी विभाग का मंत्री बनाऊंगा। सेम पोर्टफोलियो इनके पास होगा। इन्होंने बहुत मेहनत की है। पब्लिक भी इस बार तय कर चुकी है। सीएम गांधी जयंती पर प्रशासन गांवों के संग अभियान और प्रशासन शहरों के संग अभियान की शुरुआत पर बोल रहे थे।