निजी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत होने का मामला हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। निजी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत होने के मामले को लेकर टाउन पुलिस ने महिला डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इलाज में लापरवाही बरतने से मौत होने के संबंध में टाउन पुलिस ने गुरुवार देर रात मामला दर्ज किया। कृष्ण कुमार (35) पुत्र नेतराम कुम्हार निवासी नन्दराम की ढाणी पीएस हनुमानगढ़ टाउन ने रिपोर्ट दी कि डीआर खीचड़ हॉस्पिटल संचालिका डॉ. सीमा खीचड़ ने उसकी पत्नी कविता की डिलीवरी के आॅपरेशन में लापरवाही बरती। इससे नवजात बच्चे व उसकी पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने भादंसं की धारा 304ए के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थाना प्रभारी दिनेश सारण कर रहे हैं। वहीं मुकदमा दर्ज होने से पूर्व परिजनों ने पहले नवजात बच्चे व बाद में प्रसूता की मौत के बाद चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए डीआर खीचड़ हॉस्पिटल में गुरुवार रात अस्पताल में हंगामा कर दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों से समझाइश की। परिजन चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। गौरतलब है कि नन्दराम की ढाणी निवासी कविता (25) पत्नी कृष्ण कुमार को डिलीवरी के लिए परिजनों ने टाउन स्थित डीआर खीचड़ हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। डिलीवरी के समय नवजात शिशु की मौत के बाद प्रसूता की हालत भी बिगड़ गई। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हॉस्पिटल में हंगामा कर दिया। सूचना पर सीओ सिटी प्रशान्त कौशिक व टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे प्रसूता के परिजनों को समझाइश की। परिजनों ने अस्पताल को सीज करने के साथ महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। सूचना पाकर कुछ वरिष्ठ चिकित्सक भी मौके पर पहुंचे। इसी बीच चिकित्सकों ने प्रसूता की हालत गंभीर बताया। उसे जिला अस्पताल के आईसीयू ले गए। यहां डॉक्टर ने कविता को मृत घोषित कर दिया।