बीकानेर. पुष्करणा ब्राह्मण समाज के आयोजन के लिए दशहरे के दिन सावे की तिथि तय होगी। समाज के पंडितों के मध्य सावा शोधन के लिए शास्त्रार्थ होगा। कीकाणी-लालाणी व्यास सावा समिति की ओर से सावा शोधन के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। समिति के अध्यक्ष पंच मक्खनलाल व्यास व समिति संयोजक नारायण दास व्यास के अनुसार समाज के पंडितों को सावा शोधन के लिए होने वाले शास्त्रार्थ के लिए निमंत्रण पत्र भेजे गए हैं। राज ज्योतिषी आचार्य परिवार को भी परम्परानुसार निमंत्रण भेजा गया है। पुष्करणा सावा की परम्परानुसार दशहरे के दिन जस्सोलाई पार्क के पास स्थित घेरू लाल मंदिर (महादेव मंदिर) में पुष्करणा सावा शोधन के लिए पंडितों में शास्त्रार्थ होगा। इससे पहले कीकाणी -लालाणी व्यास जाति के पंच गणेश पूजन सम्पन्न करवाएंगे।
सावा तिथियों के शोध में जुटे पंडित
दशहरे के दिन होने वाले पुष्करणा सावा शोधन के लिए समाज के पंडित, ज्योतिषी और मुहूर्त विशेषज्ञ सावा थापन के लिए Ÿोष्ठ तिथियों के शोध में जुट गए हैं। पंडित, ज्योतिषी और मुहूर्त विशेषज्ञ अपने-अपने घरों में त्रुटि रहित सावा तिथियों की गणना कार्य कर रहे हैं।
धनतेरस को होगी सावा कार्यक्रमों की घोषणा
पुष्करणा सावा के लिए दशहरे के दिन केवल पुष्करणा सावा के तिथि की घोषणा होती है। सावा के दौरान होने वाले अन्य मांगलिक कार्यक्रमों का पूरा कार्यक्रम धनतेरस के दिन घोषित होता है। रूघनाथसर कुए के पास स्थित मानेश्वर महादेव मंदिर के समक्ष होने वाले समाज के कार्यक्रम के दौरान सावा के लिए हाथधान, गणेश परिक्रमा, विवाह, बरी और जान की तिथियां, यज्ञोपवित संस्कार के लिए हाथधान, गणेश परिक्रमा और यज्ञोवित संस्कार कार्यक्रम की तिथियां घोषित की जाएगी।