मान्यताओं के अनुसार शरदीय नवरात्रि के साथ ही देश में सर्दी के मौसम की शुरुआत हो जाती है, यही कारण है कि पिछले एक-दो हफ्तों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम में इस परिवर्तन के साथ आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिल जाएगी, हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि स्वास्थ्य के प्रति लोगों को इन दिनों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। डॉक्टर बताते हैं कि मौसम में यह बदलाव कई बीमारियां लेकर आते हैं, इससे बचाव करना जरूरी होता है। चूंकि अब सुबह शाम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है ऐसे में फ्लू के संक्रमण के साथ लोगों को गले में खराश और बंद नाक की समस्या होना काफी सामान्य है।