जयपुर
लखीमपुर खीरी में हुई किसानों की हत्या के मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र को बर्खास्त करने व मुकदमे में गिरफ्तार करने की मांग को लेकर सोमवार को रेल रोको आंदोलन किया गया। इसका असर राजस्थान में भी देखने को मिला। प्रदेश के कई जिलों में किसानों ने रेलवे ट्रैक पर कब्जा जमा लिया। इससे वहां से गुजरने वाली ट्रेनों को रोका गया। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने मथुरा-अलवर पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया।
अजमेर जिले में भी रेल रोको आंदोलन की वजह से इंटरसिटी एक्सप्रेस और भुज-बरेली एक्सप्रेस को अलवर रेलवे स्टेशन पर एहतियात के तौर पर रोक लिया गया। ये दोनों ट्रेन अजमेर नहीं पहुंच सकी। किसान आंदोलन के कारण उत्तर-पश्चिम रेलवे पर भिवानी-रेवाड़ी, सिरसा-रेवाड़ी, लोहारू-हिसार, सूरतगढ़-बठिंडा, सिरसा-बठिंडा हनुमानगढ़-बठिंडा, रोहतक-भिवानी, रेवाड़ी-सादुलपुर, हिसार-बठिंडा, हनुमानगढ़-सादुलपुर तथा श्रीगंगानगर- रेवाड़ी रेलखंडों के बीच रेल यातायात प्रभावित हुआ है।