तीसरे दिन पीरकामडिय़ा के ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
by seemasandesh
सीडब्ल्यूसी के गोदामों के समक्ष बेमियादी पड़ाव जारी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन के रीको इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित केन्द्रीय भण्डारण निगम के गोदाम रिलायंस कंपनी को ठेके पर दिए जाने के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा हनुमानगढ़ के बैनर तले गोदाम के समक्ष शुरू किया गया बेमियादी पड़ाव शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को गांव पीरकामडिय़ा के ग्रामीणों ने पड़ाव स्थल पर मोर्चा संभाला। मोर्चा संयोजक रामेश्वर वर्मा के नेतृत्व में पड़ाव स्थल पर मौजूद किसान नेताओं व ग्रामीणों ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गोदामों का ठेका निरस्त करने व मांग पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की बात दोहराई। रामेश्वर वर्मा ने कहा कि देश भर के किसान करीब 11 माह से केन्द्र सरकार के तीन काले कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर दिल्ली के बॉर्डर पर डटे हैं। लेकिन सरकार उनकी बात नहीं सुन रही। उल्टा देश को लगातार निजीकरण की तरफ धकेल रही है। सरकारी उपक्रमों को एक-एक कर निजी हाथों में कॉरपोरेट घरानों को सौंपा जा रहा है। हनुमानगढ़ में सीडब्ल्यूसी के दो गोदाम अंबानी की कंपनी रिलायंस को ठेके पर दे दिए गए हैं। अन्य गोदामों को भी ठेके पर लेने के लिए सर्वे हो चुका है। इसका नतीजा यह होगा कि रिलायंस कंपनी अपने उत्पाद बाजार में उतारेगी। इससे शहर के छोटे व्यापारी प्रभावित होंगे। सार्वजनिक वितरण प्रणाली खत्म हो जाएगी। लेकिन किसी भी कीमत पर गोदामों को अंबानी-अडानी के हाथों में नहीं जाने देंगे। इसका डटकर विरोध किया जाएगा। इस मौके पर गजेंद्र चाहर, भोलासिंह, बहादुर सिंह चौहान, तरसेम मान, कृष्ण चाहर, अंकित बेनीवाल, अजय सिंह, उदयपाल, इकबाल सिंह, भजनसिंह, आत्मासिंह, मलकीत सिंह, वलीशेर, मुकद्दर अली, राजू, हरजी वर्मा, अफसर अली, फिरोज खान, सुखप्रीत सिंह, इकबाल खान, अलीशेर खान, गुरनायब सिंह, शिवकुमार, सुखविंद्र सिंह, आमिर खान आदि मौजूद थे।