Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या

  • सिर में धारदार हथियार से मारी चोट
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन पुलिस थाना क्षेत्र के गांव अराइयांवाली में शुक्रवार सुबह एक जने ने सिर में धारदार हथियार से चोट मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। वारदात का पता चलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के पीहर पक्ष को सूचना दी। प्रथम दृष्टया अवैध संबंधों के शक में हत्या किए जाने की बात सामने आई है। दोपहर समाचार लिखे जाते समय तक मृतका का शव मौके पर ही पड़ा था। पुलिस की ओर से पीहर पक्ष का इंतजार किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार दो बच्चों के पिता आत्माराम उर्फ लाभसिंह पुत्र मंगूराम बाजीगर निवासी अराइयांवाली को शक था कि उसकी पत्नी रूकिया उर्फ रूकेश (26) के किसी गैर मर्द के साथ अवैध संबंध हैं। इस शक के चलते आत्माराम ने शुक्रवार सुबह किसी धारदार हथियार से रूकिया के सिर पर वार किया। इससे गंभीर चोट लगने से रूकिया उर्फ रूकेश की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी पति आत्माराम वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सुबह करीब 11 बजे सूचना मिलने पर टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण व शेरगढ़ चौकी प्रभारी एसआई विजयपाल बिश्नोई पुलिस टीम के साथ गांव अराइयांवाली पहुंचे तथा घटनास्थल का मौका मुआयना किया तथा मृतका के पीहर पक्ष को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची मृतका का शव घर में बने कमरे में जमीन पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण के अनुसार मृतका के पीहर पक्ष के आने का इंतजार किया जा रहा है। शव मौके पर ही है। पीहर पक्ष के आने के बाद ही मुकदमा दर्ज करने व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मृतका के सिर में चोट का निशान है। चोट किससे मारी गई इसका पता तो आत्माराम के पकड़ में आने के बाद ही चल पाएगा। प्रथम दृष्टया कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी है। उन्होंने बताया कि मौके से आवश्यक साक्ष्य उठाए गए हैं। मोबाइल एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। तफ्तीश के बाद ही पता चल पाएगा कि हत्या के पीछे का असर कारण क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *