शिमला
हिमाचल प्रदेश में रविवार को येलो अलर्ट के बीच बारिश और बर्फबारी हो रही है। रोहतांग दर्रा सहित मनाली की ऊंची चोटियों पर हिमपात जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई है। रोहतांग दर्रा में 30 सेंटीमीटर, अटल टनल के नॉर्थ पोटल में 5 सेंटीमीटर, सिस्सू में 5 सेंटीमीटर, गोंधला में 10 सेंटीमीटर, कोकसर में 12 सेंटीमीटर, बारालाचा में 30 सेंटीमीटर, केलांग में चार सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। शिमला, हमीरपुर, कांगड़ा और बाकी जिलों में बारिश का दौर जारी है। बर्फबारी के बाद अटल टनल रोहतांग से वाहनों की आवाजाही फिलहाल बंद हो गई है। रोहतांग के लिए सभी परमिट रद्द कर दिए हैं। मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए आम नागरिकों और सैलानियों से आग्रह किया है कि वे अधिक ऊंचाई व निम्न तापमान वाले इलाकों की ओर न जाएं।