शिमला
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को दो और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई। इनमें कांगड़ा में 34 वर्षीय महिला और शिमला में 90 वर्षीय संक्रमित बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं प्रदेश में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 79 विद्यार्थियों और इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल शिमला के चार रेजिडेंट डॉक्टरों समेत 240 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1972 पहुंच गई है।
बुधवार को सबसे अधिक 55 कोरोना संक्रमित विद्यार्थी कांगड़ा जिले में सामने आए। इसके अलावा ऊना में 10, मंडी सात, हमीरपुर तीन, बिलासपुर और शिमला में दो-दो विद्यार्थी पॉजिटिव हुए हैं। प्रदेश में 27 सितंबर से विद्यार्थियों के लिए खुले सरकारी स्कूलों में अभी तक 321 विद्यार्थी संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से 285 अभी भी एक्टिव केस हैं। उधर, बुधवार को सरकारी स्कूलों में आठवीं से 12वीं कक्षा के 65 फीसदी विद्यार्थियों ने स्कूलों में हाजिरी दर्ज करवाई।