हनुमानगढ़. जिले में पुलिस ने बीते 24 घंटों के दौरान 5 लोगों को अवैध रूप से हेरोइन गांजा तथा कारतूस रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रीति जैन के अनुसार तलवाड़ा थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर लखबीरसिंह ने कल देर रात को तलवाड़ा झील-सिलवाला कलां के बीच बेहरवाला कलां के पास मोटरसाइकिल पर सवार कानू उर्फ कन्हैया (26) पुत्र चंदूदास और विनोद उर्फ धाकड़िया (22)पुत्र शेरसिंह निवासी ऐलनाबाद जिला सिरसा (हरियाणा) को 7 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया। उधर, भादरा थाना के कार्यवाहक प्रभारी सब इंस्पेक्टर राकेश गोदारा ने भी हिसार बायपास मार्ग पर कल रात मोटरसाइकिल पर जा रहे राधाकृष्णन उर्फ लाल सैनी (35) निवासी वार्ड नंबर 4 को 900 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। श्री गोदारा ने बताया कि राधाकृष्ण मजदूरी करता है और गांजे का सेवन करने का आदी है।पूछताछ करने पर उसने निकटवर्ती गांव झांसल निवासी राहुल सांसी (पुत्र मुंशीराम) से गांजा खरीदकर लाना बताया।राहुल को भी आज गिरफ्तार कर लिया गया।इस बीच खुइयां थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर विजेंद्र शर्मा ने कल देर रात को गांव जबरासर के पास विनोद मेघवाल पुत्र अमीलाल निवासी जबरासर को अवैध रूप से आठ कारतूस रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने बताया कि बरामद हुए कारतूस ओं के बारे में विनोद से पूछताछ की जा रही है।