सैंडलवुड इंडस्ट्री के मशहूर कलाकार पुनीत राजकुमार का दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया। वह महज 46 साल के थे। पुनीत को आज सुबह बंगलूरू के विक्रम अस्पताल में तबीयत खराब होने के बाद भर्ती किया गया था। पुनीत के अस्पताल जाने की खबर जैसे ही सामने आई इंडस्ट्री में हंगामा मच गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुनीत राजकुमार को वर्क आउट करते हुए दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। शिवराजकुमार की बेटी निवेदिता यह खबर पाते ही अस्पताल पहुंचीं। स्टार रविचंद्रन और निर्माता जयन्ना व के पी श्रीकांत भी अस्पताल में पुनीत की हालत देखने पहुंचे। पुनीत के निधन की खबर से फैंस को काफी सदमा लगा है।
अभिनेता पुनीत राजकुमार के अस्पताल और घर के बाहर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। उनका पार्थिव शरीर कांतीवारा स्टूडियो में रखा जाएगा। दरअसल उनके निधन के बारे में जानकर फैंस की भीड़ वहां उमड़ पड़ी है।