अजमेर
केकड़ी पोस्ट ऑफिस के बाहर तीन अज्ञात बाइक सवार ने कोई लूट की वारदात अंजाम नहीं दी, बल्कि पीड़ित ने रुपए डबल करने के लालच में आकर ठगों को 2 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद लूट की झूठी कहानी बनाई। पुलिस घटना स्थल पर ले गई। जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो शुक्रवार देर शाम खुलासा हुआ। पीड़ित पोस्ट ऑफिस में एजेंट है। मामला सामने आने के बाद ठगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
केकड़ी CI सुधीरकुमार उपाध्याय ने बताया कि सापणदा रोड निवासी विपिन जैन के साथ दाे लाख रुपए की लूट हो जाने का मामला सामने आया था। खुद विपिन ने जानकारी दी कि उसके साथ लूट हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संदिग्धों की तलाश की। नाकाबंदी करवा दी गई, लेकिन शाम काे इस संबंध में विपिन की ओर से दी गई रिपोर्ट में बताया कि उसके साथ ठगी की वारदात हुई है।
रिपोर्ट में बताया कि उसे बाइक पर सवार तीन लोगों ने रोका और पटेल स्कूल का पता पूछा। इसी दाैरान तीनों ने धन दोगुना करने की स्कीम बताकर उसे अपनी बातों में फंसा लिया। इस पर तीनों को पोस्ट ऑफिस के बाहर बुलाकर दो लाख रुपए और आईडी देने की बात कही। इसके बाद उनको दाे लाख रुपए दे दिए। जब आईडी के लिए पोस्ट ऑफिस गया और वापस आकर देखा तो तीनों ही नहीं मिले। ऐसे में उसे शक हुआ। तीनों ने उसके साथ ठगी कर दो लाख रुपए हड़प लिए।