बाड़मेर
राजस्थान के बाड़मेर जिले के जोधपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार को बस और ट्रेलर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। भांडियावास गांव में संस्कार स्कूल के पास हुई आमने-सामने की टक्कर के बाद बस और ट्रेलर में आग लग गई। इसमें 12 लोग जिंदा जल गए। हादसा सुबह 10.30 बजे हुआ।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई और सवारियां फंस गईं।
शुरुआत में 5 लोगों की मौत की खबर आई, लेकिन बाद में जिले के SP ने 7 और मौतों की पुष्टि की, जिसमें एक बच्ची है। 40 घायलों को पास के नाहटा राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 13 को जोधपुर रेफर कर दिया गया। सूचना के बाद पचपदरा, बालोतरा और रिफाइनरी की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। तीन दमकलों ने आधे घंटे में दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया।