मजदूरी दरें न बढ़ाने के विरोध में पल्लेदार हड़ताल पर
by seemasandesh
टाउन धानमंडी में किया विरोध-प्रदर्शन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पिछले तीन-चार सालों से मजदूरी की दरें नहीं बढ़ाने के विरोध में शनिवार को टाउन धानमंडी के पल्लेदार बेमियादी हड़ताल पर चले गए। पल्लेदारों ने अपनी मांगों के समर्थन में अनाज मण्डी पल्लेदार यूनियन के बैनर तले फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन कार्यालय के समक्ष नारेबाजी भी की। पल्लेदारों की हड़ताल के चलते किसान व व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मौके पर पल्लेदारों का कहना था कि वे व्यापारियों को पूर्व में भी तीन-चार बार मजदूरी की दरें बढ़ाने की मांग को लेकर लिखित में अवगत करवा चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। दिनोंदिन बढ़ती महंगाई के कारण उनके परिवारों का गुजर-बसर करना मुश्किल हो गया है। इसके चलते मजबूरन हड़ताल करनी पड़ रही है।