वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के नतीजों ने चौंकाया
श्रीगंगानगर. संयुक्त व्यापार मंडल के आज हुए चुनाव में तरसेम गुप्ता लगातार तीसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। नरेश सेतिया फिर से महासचिव चुने गए हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के नतीजों ने चौंकाया है। इन पदों पर अशोक भूतना और राज सुखीजा की अप्रत्याशित हार हुई है। हरिओम लूथरा फिर से कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। सचिव के 2 पदों पर निश्चय जनवेजा तथा राधेश्याम बंसल विजयी हुए हैं। ऑडिटर के पद पर नरेंद्र चौधरी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं।
स्थानीय महावीर दल मंदिर में व्यापार मंडल के अध्यक्ष सहित शेष 7 पदों के लिए प्रातः 10 बजे मतदान आरंभ हुआ।इस व्यापार मंडल में शहर की 92 व्यापारिक संस्थाएं शामिल हैं, जिनके अध्यक्षों और सचिवों को वोट डालने का अधिकार है।लिहाजा कुल 184 मतों में से दोपहर 2 समय समाप्त होने तक 182 वोट पड़े। इसके तुरंत बाद मतगणना आरंभ कर दी गई।मुख्य चुनाव अधिकारी रामगोपाल पांडूसरिया और सहायक चुनाव अधिकारियों कमलकांत कोचर व रमेश गर्ग ने प्रत्येक पद की मतगणना पूरी होने के साथ ही चुनाव परिणाम घोषित करने शुरू कर दिए। अध्यक्ष पद के लिए तरसेम गुप्ता का ओम प्रकाश मित्तल से सीधा मुकाबला था। तरसेम गुप्ता लगातार तीसरी बार यह चुनाव लड़ रहे थे। उन्होंने 108 मत प्राप्त किए जबकि ओमप्रकाश को 73 वोट मिले। एक वोट निरस्त करार दिया गया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अशोक भूतना की सीधे मुकाबले में अप्रत्याशित हार हो गई। उनको 78 और प्रतिद्वंदी पवन बत्रा को 102 वोट मिले।अशोक भूतना 24 मतों से पराजित हो गए। दो मत निरस्त करार दिए गए। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद पर राज सुखीजा नीटा भी हार गए। इस पद के लिए 3 प्रत्याशी राज सुखीजा नीटा, मनोज डूंगाबूंगा और सुरेंद्र गर्ग काका मैदान में थे। सुरेंद्र गर्ग को 70, राज सुखीजा को 66 और मनोज को 38 वोट मिले।इस पद के लिए 8 मत निरस्त करार दिए गए।इन मतों पर डबल मोहर लगी हुई थी। अशोक भूतना और राज सुखीजा की जीत को निश्चित माना जा रहा था। इनके लिए अरोड़ा समाज के कई बड़े लोगों ने पूरा दमखम लगा हुआ था। फिर भी हार हुई। महासचिव के लिए फिर से चुनाव मैदान में उतरे नरेश सेतिया को उनके प्रतिद्वंदी राकेश शर्मा ने कड़ी चुनौती दी। नरेश सेतिया को 92 और राकेश को 89 मत प्राप्त हुए। एक वोट कैंसिल हो गया। सचिव पद के लिए भी कड़ा मुकाबला रहा।
सचिव के 2 पदों के लिए 3 प्रत्याशी राधेश्याम बंसल, निश्चय जनवेजा और राजपाल पपनेजा मैदान में थे। राधेश्याम को 103, निश्चय को 101 और राजपाल को 97 वोट मिले। दो वोट निरस्त घोषित किए गए।हरिओम लूथरा तीसरी बार कोषाध्यक्ष बने हैं। हरिओम को 100 और उनके प्रतिद्वंदी कालीचरण अग्रवाल को 82 वोट मिले। ऑडिटर के पद पर नरेंद्र चौधरी को पहले ही निर्विरोध घोषित किया जा चुका है। इस चुनाव को लेकर महावीर दल मंदिर में आज सुबह से लेकर अंतिम चुनाव परिणाम घोषित होने तक काफी गहमागहमी रही। विजय प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ रंग गुलाल खेलते हुए जुलूस निकाले।चुनाव जीतने वालों को उनके समर्थकों ने फूल मालाओं से लाद दिया। मिठाइयां बांटी गईं। चुनाव अधिकारियों ने चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया।
कार्यालय भवन बनाया जाएगा
लगातार तीसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित होने पर तरसेम गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल का अपना कार्य भवन हो इसके लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि इस बार के चुनाव में व्यापार मंडल का अपना कार्यालय भवन नहीं होने का मुद्दा काफी जोर-शोर से उठा। याद दिला दें कि यह संयुक्त व्यापार मंडल 9 वर्ष पहले गठित किया गया था। केमिस्ट नेता नरेश शर्मा की सरपरस्ती वाले पुराने संयुक्त व्यापार मंडल से अलग होकर अनेक व्यापारिक संस्थाओं ने नया संयुक्त व्यापार मंडल बनाया था, जिसके आज यह चुनाव हुए हैं। शहर में यही नया संयुक्त व्यापार मंडल ही व्यापारियों की सबसे सक्रिय संस्था है। तरसेम गुप्ता ने कहा कि उन्हें पहले से ही पूरा यकीन था कि इस बार भी उनकी जीत निश्चित है। ओम प्रकाश मित्तल के लिए कई व्यापारी नेताओं और अन्य लोगों ने भी पूरा जोर लगा रखा था, लेकिन तरसेम गुप्ता उन पर भारी पड़े।