Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पद बढ़ाने की मांग को लेकर रोका शिक्षामंत्री का काफिला

  • देर रात मंत्री के साथ हुई वार्ता, रीट पद बढ़ाकर 50 हजार करने की रखी मांग, तैनात रहा भारी पुलिस बल
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    रीट पद 31 हजार से बढ़ाकर 50 हजार करने की मांग को लेकर स्टूडेंट फेडरेशन आॅफ इंडिया के कार्यकर्ताओं ने सोमवार रात्रि को हनुमानगढ़ पहुंचे शिक्षामंत्री व जिला प्रभारी मंत्री डॉ. बीडी कल्ला का काफिले रोक लिया। टाउन में राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पास एकत्रित एसएफआई कार्यकर्ताओं ने संगठन के राज्य उपाध्यक्ष महेन्द्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में काफिला रोक शिक्षामंत्री से मिलवाने की मांग की। पहले तो पुलिस की मध्यस्थता से काफिले को वहां से रवाना कर दिया गया। इसके बाद एसएफआई कार्यकर्ताओं की ओर से अपनी मांग पर अड़े रहने के चलते राजकीय कॉलेज में हुए कार्यक्रम के दौरान शिक्षामंत्री डॉ. कल्ला ने कार्यकर्ताओं की बात सुनी। जानकारी के अनुसार सोमवार को नोहर में आयोजित राजकीय कन्या महाविद्यालय के शिलान्यास समारोह में शिरकत करने आए शिक्षामंत्री व जिला प्रभारी मंत्री डॉ. बीडी कल्ला सोमवार रात करीब 8 बजे हनुमानगढ़ टाउन पहुंचे। जब वे कॉलेज के पास पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद एसएफआई कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को रोक लिया तथा शिक्षामंत्री से मुलाकात करवाने की मांग की। मौके पर तैनात भारी पुलिस बल के चलते काफिला वहां से रवाना हो गया। इस पर कार्यकर्ताओं ने मांग के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और देर रात तक कॉलेज के पास ही डटे रहे। आखिरकार रात्रि करीब 11 बजे एसएफआई कार्यकर्ताओं की शिक्षामंत्री डॉ. कल्ला के साथ वार्ता हुई। वार्ता में एसएफआई के राज्य उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि रीट भर्ती खोले 3 साल हो गए हैं। परीक्षा के आवेदन की तिथि बार-बार बढ़ाई गई और फिर परीक्षा भी करवा दी पर पदों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं की। राजस्थान के सभी स्कूलों में अध्यापकों के पद खाली पड़े हैं। बेरोजगार युवा दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। सरकार से मांग है कि सरकार पदों में बढ़ोतरी करके युवाओं को राहत दे। अन्यथा सरकार के खिलाफ युवा सड़क पर उतर आने वाले विधानसभा चुनाव में सरकार की खिलाफत करेगा। अगर युवा की बात नहीं सुनी गई तो सरकार के मंत्रियों को गांवों में नहीं घुसने दिया जाएगा। शर्मा ने कहा कि युवाओं से बेरोजगारी भत्ता के फार्म भी भरवाए गए परंतु युवाओं के खाते में एक रुपया तक नहीं आया। एक फार्म पर लगभग 700 से 800 रुपए खर्च हो गए। बेरोजगारी भत्ता पाने के लिए युवा तहसीलों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं परंतु बेरोजगारी भत्ता नहीं मिल रहा। उन्होंने रीट पर 21 हजार से बढ़ाकर 50 हजार कर राजस्थान के बेरोजगारों को न्याय दिलाने की मांग की। इस पर शिक्षामंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने आश्वस्त किया कि वे इस बारे में मुख्यमंत्री से बात करेंगे। इस मौके पर एसएफआई के यश चिलाना, आकाश चिलाना, गुरदास सिंह, जगतार सिंह, उपेन्द्र गिल, वंश डोडा, पीयूष चिलाना, बसंत सहू आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *