ट्रक से 13 क्विंटल डोडा पोस्त और साढे 4 किलो अफीम बरामद, कीमत लगभग 85 लाख
हनुमानगढ़. जिले में पल्लू थाना क्षेत्र में मेगा हाईवे पर पुलिस ने एक ट्रक में पीओपी के थैलों में छुपा कर ले जाए जा रहे भारी मात्रा में मादक पदार्थों को बरामद किये हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रीति जैन ने बताया कि आपरेशन प्रहार और संजीवनी के तहत की गई इस कार्यवाही के दौरान ट्रक (पीबी 02 सीआर 3848 )में पोस्त से भरे हुए 65 कट्टे और एक कपड़े की थैली में प्लास्टिक की चार थैलियों में अफीम बरामद हुई है। कट्टों में 13 क्विंटल डोडा पोस्ट छिल्का और थैलियों में 4 किलो 400 ग्राम अफीम बरामद हुई। ट्रक चालक मुख्तियारसिंह उर्फ मुक्खा उप्पल जटसिख (62) पुत्र बलबीरसिंह निवासी गांव कच्चा पक्का, थाना कच्चा पक्का जिला तरनतारन (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है। थाना प्रभारी अमरसिंह और उनके दल में शामिल एएसआई महावीरप्रसाद, हवलदार शंकरलाल, रविंद्र, मदनलाल सिपाही रणवीरसिंह और चंद्रप्रकाश ने इस ट्रक को कल देर शाम थाने के पास ही मेगा हाईवे पर काबू किया। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक में पीओपी के थैलों में काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे छुपा कर रखे हुए थे।कट्टों में पोस्त बरामद हुआ है। कपड़े की थैली ट्रक के केबिन में मिली, जिसमें प्लास्टिक की थैलियों में अफीम भरी हुई थी। बरामद मादक पदार्थों की कीमत लगभग 85 लाख रुपए रुपए आंकी गई है। ट्रक में आरसी कॉपी नहीं मिली। यहां तक कि पुलिस को मुख्तयारसिंह का ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला। सूत्रों ने बताया कि ट्रक का मालिक पंजाब निवासी कोई कर्म सिंह नामक व्यक्ति है।