हनुमानगढ़ में महिला पुलिस थाना के बाहर आज दो पक्षों में एकाएक झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों के पुरुष व महिलाएं एक-दूसरे से मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान एक दो व्यक्तियों के कपड़े भी फट गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया।वहीं बाहर मेन रोड पर आ जा रहे लोगों का हुजूम जुट गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग तथा शांत किया।झगड़ा और मारपीट करने वाले दोनों पक्षों के चार व्यक्तियों को पकड़कर थाने में ले जाया गया। हासिल जानकारी के अनुसार यह झगड़ा लडके और लड़की के परिवार वालों में हुआ। लड़की वालों का आरोप है कि ससुराल वालों ने मारपीट कर उनकी लड़की को घर से निकाल दिया। ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपए की मांग करते हैं। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आज दोपहर को थाने में आए थे, लेकिन फिर एकाएक थाने के बाहर दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप को लेकर तनातनी व मारपीट हो गई।पुलिस ने बताया कि झगड़ा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।