नागौर
नागौर में 16 साल के नाबालिग को ‘पबजी’ और ‘फ्री फायर’ की ऐसी लत लगी कि उसने अपने 12 साल के चचेरे भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद लाश को जमीन में गाड़ दिया। इतना ही नहीं, असम में बैठे चचेरे भाई के अंकल को फेक इंस्टाग्राम आईडी से मैसेज कर 5 लाख रुपए की फिरौती भी मांगता रहा। सोमवार सुबह लाडनूं पुलिस ने आरोपी नाबलिग को डिटेन कर उसकी निशानदेही पर गांव के तालाब किनारे जमीन में गड़ी लाश बरामद कर ली। फिलहाल लाडनूं CHC पर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
दरअसल, 8 दिसंबर को धुड़ीला गांव का प्रवीण शर्मा (12) अपनी मम्मी का मोबाइल लेकर घर से गायब हो गया था। प्रवीण के चाचा नरेश पुत्र पन्नालाल शर्मा ने अगले दिन पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि प्रवीण को पबजी और फ्री फायर खेलने की आदत थी। इस पर पुलिस ने सायबर तकनीक से प्रवीण की तलाश शुरू कर दी। वहीं, इस बीच असम में बैठे प्रवीण के अंकल को एक इंस्टाग्राम आईडी से मैसेज आया कि प्रवीण उसके पास दिल्ली में आ गया है। अगर उसे ज़िंदा चाहते हो तो 5 लाख रुपए का इंतजाम कर लो। परिजनों ने तुरंत ही इस बात की जानकारी पुलिस को दी।