हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन पुलिस ने गांव नवां में कार्रवाई करते हुए 50 लीटर हथकढ़ शराब बरामद कर एक जने को गिरफ्तार किया है। साथ ही मोटर साइकिल भी जब्त की है। जानकारी के अनुसार सहायक उप निरीक्षक रतनलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार देर रात गश्त कर रही थी। गश्त करते हुए पुलिस टीम गांव नवां में रेलवे अण्डरब्रिज के पास पहुंची तो मोटर साइकिल पर आ रहे एक जना पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर बाइक रूकवा जांच की तो पीछे रखे प्लास्टिक के कट्टा में दो-दो लीटर की 25 थैलियों में भरी 50 लीटर हथकढ़ शराब मिली। पुलिस ने हथकढ़ शराब बरामद कर मौके से मंजीत सिंह (32) पुत्र जेठासिंह रायसिख निवासी वार्ड नम्बर 8, अमरपुरा थेड़ी पीएस हनुमानगढ़ टाउन को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हथकढ़ शराब के परिवहन में इस्तेमाल मोटर साइकिल जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की जांच उप निरीक्षक विशु वर्मा कर रही हैं। पुलिस टीम में एएसआई रतनलाल मीणा के अलावा कांस्टेबल हरजीत सिंह व पालाराम शामिल थे।