तीसरे दिन भी डटे धरने पर, विभाग के खिलाफ की नारेबाजी
by seemasandesh
200 यूनिट बिजली मुफ्त देने व विद्युत दरों में कमी करने की मांग हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। दिल्ली सरकार की तर्ज पर 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने व विद्युत दरों में कमी करने की मुख्य मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से टाउन स्थित जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता कार्यालय के समक्ष दिया जा रहा बेमियादी धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और मांग न माने जाने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। इस मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में बिजली के दामों में भारी बढ़ोतरी की गई है। मीटर बदलने के लिए निर्धारित शुल्क 300 से बढ़ाकर 900 रुपए कर दिया गया है। आॅडिट के नाम से विद्युत विभाग की ओर से उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की जाती है। हाल ही में फ्यूल सरचार्ज के नाम पर बिजली दरों में अतिरिक्त वृद्धि कर कोढ़ में खाज का काम राज्य सरकार ने किया है। सबसे महंगा पेट्रोल एवं डीजल सरकार की ओर से बेचा जा रहा है।