श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। इंदिरा चौक स्थित महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय श्रीगंगानगर में विद्यार्थियों को योग का प्रशिक्षण प्रदान करने पर स्कूल की ओर से पूनम शर्मा को सम्मानित किया गया। पूनम ने स्कूल प्राचार्य के आग्रह पर लगभग दो सप्ताह तक स्कूल के बच्चों को योग का प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने जिन बच्चों को प्रशिक्षण दिया, उनमें से अनेक का चयन प्रतियोगिता के लिए हुआ। इस पर विद्यालय प्रशासन ने सम्मान पदक प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। ज्ञातव्य है कि पूनम शर्मा ने अपनी लगन व रूचि से योगा विषय में मास्टर्स की उपाधि प्रथम श्रेणी से प्राप्त की है। वे महिलाओं व बच्चों को नि:शुल्क योग का प्रशिक्षण प्रदान करती हैं। उन्होंने इस स्कूल की बालिकाओं को विशेष रूप से योग का प्रशिक्षण देकर उनमें आत्मविश्वास पैदा किया। पूनम गोविंद जाजड़ा ने अपनी विद्यालय की शिक्षा भादरा में की। विवाह के उपरांत वे परिवार की जिम्मेदारियों के साथ ही अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रहीं। उनके सम्मान पर राष्ट्रवादी सर्व समाज विकास मंच के महिला कल्याण प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक विमलेश शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।