Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सट्टा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

  • पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    शहर में जगह-जगह चल रहे सट्टा के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर टाउन निवासी एक जागरूक नागरिक ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन जगहों व दुकानों के नाम भी बताए गए हैं जहां सट्टा कारोबार चल रहा है। टाउन निवासी रिंकू भार्गव के अनुसार जिला मुख्यालय पर टाउन बाजार में सट्टा कारोबार सरेआम चल रहा है। टाउन के मुख्य बाजार में नगर परिषद रंगमंच व तूड़ी की टाल के पास हुनर वैरायटी स्टोर, चुंगी नम्बर 6 व कैलाश हॉस्पिटल के पास तीसरी दुकान में, लक्ष्मीनारायण मंदिर नई धान मण्डी के पीछे रेहड़ी वाले खोखा पर सट्टा लगाया जाता है। बाजार के मुख्य स्थलों पर सट्टा दुकानें होने से आम गरीब, मजदूर, दिहाड़ी-मजदूरी के रुपए कमाकर लाता है और सट्टा दुकानों को देखकर 1 रुपए के 90 रुपए पाने की चाह में अपनी मजदूरी के सभी रुपयों को सट्टा में लगा देता है और बिना राशन लिए घर पहुंचता है। इससे बच्चों व पत्नी के साथ झगड़ा होने से गरीब परिवार उजड़ रहे हैं। बच्चों में सट्टा लगाने की चाह बढ़ रही है और देश का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। सट्टा लगाने के कारोबार से जुड़े लोग नागपुर, हिमालय, पटना के सट्टा के नाम से सट्टा लगाते हैं। अपनी साइटों से अपने हिसाब से नम्बर निकालते हैं और लाखों-करोड़ों रुपए कमा रहे हैं। सट्टा कारोबारियों की ओर से प्रतिदिन लाखों-करोड़ों रुपए कमाए जा रहे हैं और देश के गरीब मजदूर को लूटा जा रहा है। इस भयंकर समस्या के निराकरण के लिए उसने संबंधित अधिकारियों व पुलिस थाना में कई बार प्रार्थना पत्र दिए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। संबंधित थाना प्रभारियों को कहने पर कुछ समय के लिए दुकानें बंद करा कर इतिश्री कर ली जाती है और कुछ दिन बाद उक्त कारोबार वापस फलने-फूलने लगता है। इससे संबंधितों की सट्टा कारोबारियों के साथ संलिप्तता स्पष्ट प्रदर्शित हो रही है। रिंकू भार्गव ने पुलिस अधीक्षक से उम्मीद जताई कि जिस प्रकार पूर्व में नशा के कारोबार पर सख्त कार्रवाई कर काफी हद तक अंकुश लगाया गया, उसी प्रकार इस सट्टा कारोबार को रोकने की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्य में वार्ड-मोहल्ले के लोग पुलिस का हरसंभव सहयोग करेंगे। इस कारोबार को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक से अपने स्तर पर कार्रवाई करने की मांग की गई। इस मौके पर रघुवीर वर्मा आदि भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *