गर्माया विवादित टिप्पणी करने का मामला, जाट समाज ने घेरा सिटी पुलिस थाना
by seemasandesh
जलाया सभापति का पुतला, माफी मांगने व इस्तीफा देने की मांग हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल की ओर से जाट समाज के अधिवक्ता को सोशल मीडिया वाट्सअप पर मैसेज भेजकर जाट समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का मामला गर्मा गया है। अभद्र टिप्पणी करने से नाराज जाट समाज सड़कों पर उतर आया है और पुलिस प्रशासन से सभापति के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। शनिवार को जाट समाज के नागरिकों ने जिला मुख्यालय पर जंक्शन स्थित जाट भवन में इस मुद्दे को लेकर बैठक की। बैठक के बाद समाज के नागरिक सभापति के पुतले के साथ हनुमानगढ़ जंक्शन सिटी पुलिस थाना के समक्ष पहुंचे और घेराव-प्रदर्शन किया। इस दौरान घेराव कर रहे जाट समाज के नागरिकों ने पुलिस प्रशासन होश में आओ व सभापति गणेश राज बंसल मुर्दाबाद के नारे लगाए। साथ ही अपने साथ लाए गए सभापति के पुतले पर जूते मारे। बाद में पुलिस थाना के सामने ही पुतला दहन किया।