जयपुर
कोरोना की तीसरी लहर और ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच राहत की खबर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 से 18 साल की एज ग्रुप के बच्चों के लिए 3 जनवरी से वैक्सीनेशन शुरू करने का ऐलान किया है। ऐसे में राजस्थान के करीब 51 लाख से ज्यादा बच्चों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर दी गई है। हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से ये भी तैयारी की जा रही है कि बच्चों को हॉस्पिटल के अलावा स्कूल में भी वैक्सीनेशन की सुविधा मिले। वहीं बच्चों को वैक्सीन के दो से तीन डोज लग सकते हैं।
ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीए) ने बच्चों के लिए जायडस कैडिला कंपनी की बनाई जायकोव-डी और भारत बायोटेक की कोवैक्सिन को इमरजेंसी उपयोग की मंजूरी दे दी है। ऐसे में जायकोव-डी वैक्सीन लगाई जाती है तो बच्चों को इस वैक्सीन के तीन शॉट (डोज) दिए जाएंगे। हर शॉट में 0.1ML की खुराक होगी। ये वैक्सीन फार्मा जेट मशीन (नीडल-फ्री इंजेक्टर ) से लगेगी, जिसमें सिरिंज नहीं होती। वहीं अगर भारत बायोटेक की वैक्सीन लगाई जाती है तो उसकी डोज 0.5ML की होगी और उसके दो शॉट दिए जाएंगे। ये वैक्सीन सामान्य सिरिंज से लगाई जाएगी, जैसी वर्तमान में चल रहे वैक्सीनेशन में उपयोग की जाती है।