भरतपुर
इंश्योरेंस के लालच में साथियों के साथ मिलकर पिता की हत्या करने के मामले में गिरफ्तार बेटे राजेश ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। कुछ दिनों पहले भाई की मौत पर एक्सीडेंटल क्लेम के रूप में घरवालों को बीमा कंपनी की ओर से काफी पैसा मिला था। ऐसे में उसे आइडिया आया और उसने पिता के नाम चार बैंकों में 40 लाख रुपए का एक्सीडेंटल बीमा कराया। पैसा कमाने का यह प्लान बनाकर राजेश ने वारदात को अंजाम दिया। आज पुलिस पिता के हत्यारे बेटे और उसके दो साथियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेगी। मामला भरतपुर के डीग थाने का है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि राजेश एक साल से पिता मोहकम सिंह की हत्या का प्लान बना रहा था। राजेश मजदूरी करता था और वह जल्दी पैसे वाला बनना चाहता था। इसलिए वह अपने गांव को छोड़कर फरीदाबाद में रहने लगा। राजेश का ससुराल भी फरीदाबाद में है। राजेश पैसे कमाने के लिए अलग-अलग काम करता।