कैंचियां (सीमा सन्देश न्यूज)। श्रीगंगानगर-सूरतगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग 62 नंबर पर कैंचियां से करीब दो किलोमीटर दूर गंगानगर की तरफ कल बुधवार रात्रि करीब 11.30 बजे एक कार व पीकअप गाड़ी में टक्कर हो जाने से कार चालक की मौत हो गई। कार में टक्कर लगने के बाद पीकअप गाड़ी पलट गई। हादसे की सूचना मिलने पर कैंचियां चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घटना में गंभीर रूप से घायल कार चालक को आपातकालीन सेवा 108 के सहयोग से गंगानगर ले जाया जा रहा था कि बीच रास्ते उसकी मौत हो गई। चौकी प्रभारी चेतराम मीणा ने बताया कि इस हादसे में कार चालक शेर मोहम्मद पुत्र सोहनी खां उम्र 35 वर्ष निवासी गांव ढाबां झालार की मौत हो गई। कार श्रीगंगानगर से कैंचियां की और आ रही थी वहीं पीकअप कैंचियां से गंगानगर की तरफ जा रही थी। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।