जयपुर
जयपुर के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवक ने बच्चा नहीं होने पर 14 साल बड़ी प्रेमिका को छोड़ दिया। इससे नाराज प्रेमिका ने अपने प्रेमी पर रेप का मामला दर्ज करवा दिया। मामला दर्ज होने के बाद प्रेमी तीन महीने फरारी काटता रहा, आखिरकार परेशान होकर गुरुवार को उसने कोर्ट में सरेंडर किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक प्रेमी-प्रेमिका के बीच एफआईआर वापस लेने को लेकर बातचीत भी चली थी, लेकिन महिला युवक के साथ रहने की बात पर अड़ी रही। युवक इस पर तैयार नहीं हुआ तो महिला ने भी एफआईआर वापस नहीं ली।
मामला जयपुर के झोटवाड़ा थाने का है। यहां तीन महीने पहले प्रेमिका ने अलवर के शहजादपुर गांव निवासी सोनू कुमार जाट (34) के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया था। पीड़िता का आरोप था कि वह अपने पति से अलग होकर 12 साल से सोनू के साथ लिव इन में थी। जब उसने सोनू से शादी करने की बात कही तो वह झांसा देने लगा।
महिला का आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार रेप भी किया। जब साथ रहने का दबाव बनाया तो आरोपी उससे अलग रहने लगा। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने अक्टूबर में मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।